क्रेन ने पैदल जा रहे वृद्ध को टक्कर मारी, मौत

Nov 03 2025

डबरा। रेस्ट हाउस के पास सोमवार सुबह एक क्रेन ने पैदल जा रहे वृद्ध को टक्कर मार दी। हादसे में क्रेन का पहिया बुजुर्ग के सिर के ऊपर से निकल गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि क्रेन का ड्राइवर फरार हो गया। पुलिस बुजुर्ग के शव की शिनाख्त करने के प्रयास कर रही है।
डबरा में मुख्य बाजार रेस्ट हाउस के पास एक वृद्ध पैदल जा रहे थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस दौरान एक तेज रफ्तार क्रेन वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वृद्ध के सिर से क्रेन का पहिया गुजर गया, जिससे उनका चेहरा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद क्रेन चालक क्रेन छोडक़र मौके से फरार हो गया। लोगों की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और वाहन को जब्त कर बुजुर्ग के शव को पीएम के लिए अस्पताल भेजा।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष है। शिनाख्त नहीं होने से फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वह कहां का निवासी था। वहीं घटना के बाद से ही ड्राइवर फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
टीआई सिटी थाना  सुरेश सिंह कुशवाह ने बताया कि क्रेन को जब्त कर लिया है, जबकि चालक फिलहाल फरार है। मौके से शव को हटाकर रास्ता खुलवाया गया है। पुलिस मृतक की पहचान और आरोपी की तलाश कर रही है।