नवचेतना युवा शक्ति महोत्सव के दूसरे दिन युवाओं ने दिखाई प्रतिभा की चमक

Nov 02 2025

ग्वालियर। युवाओं के करियर, व्यक्तित्व विकास एवं मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्यरत सामाजिक संस्था गुरुकुल ड्रीम फाउंडेशन द्वारा आईआईटीटीएम में आयोजित दो दिवसीय नवचेतना: युवा शक्ति महोत्सव के दूसरे दिन ऊर्जा, उत्साह और रचनात्मकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। द्वितीय दिवस पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। ड्रॉइंग, रंगोली, ओपन माइक, डांस, क्विज, प्रदर्शनी एवं स्टार्टअप स्टॉल्स के माध्यम से युवाओं ने अपने नवाचार और रचनात्मक विचारों से सभी का ध्यान आकर्षित किया। 
विशेष आकर्षण का केंद्र रहा युवा कवि सम्मेलन, जिसमें उभरते कवियों ने अपनी कविताओं से समाज, युवा सोच और देशप्रेम की भावनाओं को शब्दों में पिरोया। पूरे परिसर में उत्साह, जोश और नई चेतना का माहौल देखने को मिला। संस्था के संस्थापक आकाश बरूआ ने कहा कि नवचेतना महोत्सव का उद्देश्य युवाओं में छिपी प्रतिभा को मंच देना और उन्हें मानसिक व सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है। संयोजक आकाश त्रिपाठी ने बताया कि इस महोत्सव के माध्यम से छात्रों को स्वच्छता, संस्कृति और आत्मविकास जैसे विषयों से जोडऩे का प्रयास किया गया। 
युवा कवि सम्मेलन की अध्यक्षता डॉ करूणा सक्सेना, अतिथि कवियत्री पलक सिकरवार, हिमांशु शर्मा,सुयश श्रीवास्तव, व्याप्ति उमड़ेकर, पवन तोमर तन्मय, अनिल मुद्गल, संयोजन शिवम सिंह सिसोदिया ने किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि कैट के राष्ट्रीय संगठन मंत्री भूपेंद्र जैन, उद्योगपति पारस जैन, अनिल शाह, डॉ विजय यादव आदि मौजूद रहे।