संदिग्ध परिस्थितियों में अधेड़ का शव,भाई ने पड़ोसियों पर हत्या का आरोप लगाया

Nov 01 2025

ग्वालियर। माधौगंज थाना क्षेत्र में एक अधेड़ व्यक्ति का शव उसके घर की बालकनी में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक के भाई ने पड़ोसी युवकों पर तांत्रिक क्रिया के शक में हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना शनिवार दोपहर करीब 2 बजे पान पत्ते की गोठ की है, जहां 55 वर्षीय खेमराज कुशवाह का शव सिर के बल उल्टा पड़ा मिला।
घटना की जानकारी मृतक के भतीजे ने पुलिस और परिजनों को दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे। बालकनी में शव की स्थिति संदिग्ध होने पर पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मौके से पूजा-पाठ की कुछ सामग्री भी मिली है, जिसे पुलिस ने जब्त किया है।
मृतक के भाई जगन्नाथ कुशवाह ने बताया कि खेमराज घर में अकेले रहते थे, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे पास ही एक अन्य मकान में रहते हैं। जगन्नाथ के अनुसार, पड़ोसी देव और मुलायम को खेमराज पर तांत्रिक क्रिया करने का शक था। इसी बात को लेकर पहले भी दोनों ने उनके साथ मारपीट की थी। कुछ दिन पहले राजीनामा भी हुआ था, लेकिन दोनों युवक उनसे रंजिश रखते थे। 
परिजनों का कहना है कि देव और मुलायम ने कई बार खेमराज पर आरोप लगाए थे कि वह उन पर जादू-टोना कर रहे हैं। इसके चलते दोनों के बीच तनाव बना रहता था। परिवार को शक है कि इसी रंजिश में खेमराज की हत्या की गई है।
माधौगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों का परीक्षण कराया जा रहा है।