थाना प्रभारी यशवंत गोयल को भावनात्मक विदाई

Nov 01 2025

डबरा। डबरा सिटी थाना परिसर में भावनाओं से भरा और ऐतिहासिक पल देखने को मिला, जब थाना प्रभारी निरीक्षक यशवंत गोयल को उनके स्थानांतरण पर भावभीनी विदाई दी गई। दोपहर 1 बजे आयोजित इस समारोह में पुलिस अधिकारी, थाना स्टाफ, समाजसेवी, पत्रकार और शहर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस कर्मियों की आंखें नम थीं, तो वहीं स्थानीय लोगों के चेहरों पर गर्व साफ झलक रहा था। क्योंकि यशवंत गोयल ने अपने कार्यकाल में डबरा को अपराध मुक्त बनाने के लिए कड़ी मेहनत की और कई बड़ी वारदातों का खुलासा किया।
उनकी कार्यशैली में सख्ती और संवेदनशीलता का अनूठा मेल देखने को मिला। अपराधियों के लिए वे खौफ का नाम रहे, वहीं आम जनता के लिए भरोसे का चेहरा। जनसंपर्क, कानून व्यवस्था और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उनका योगदान डबरा पुलिस इतिहास में स्वर्णाक्षरों में लिखा जाएगा।