ट्रेनों में चोरी करने वाला आरोपी पकड़ा, सोने की बाली और कार बरामद

Nov 01 2025

ग्वालियर। जीआरपी पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चोरी के इरादे से घूम रहे एक आरोपी को पकड़ा है। आरोपी के पास से एक जोड़ी सोने की बाली और एक कार बरामद की गई है। पकड़े गए आरोपी की पहचान  अमन सिंह परमार पुत्र निरंजन सिंह परमार निवासी राजपुर चुंगी, शमशाबाद रोड आगरा उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में अमन परमार ने बताया कि उसने गत दिनों ट्रेन क्रमांक 09118 उदना सूफी एक्सप्रेस के बी-1 कोच में यात्रा के दौरान सचिन राजपूत का हैंडबैग चुराया था। सचिन राजपूत गुजरात के भरूच जिले के अंकलेश्वर निवासी हैं। हैंडबैग में एक जोड़ी सोने की बाली, 6,500 रुपए नकद और कुछ दस्तावेज थे।
आरोपी ने यह भी बताया कि उसके पास से बरामद मारुति फ्रोन्ज कार तमिलनाडु से चोरी की गई थी। उसने तमिलनाडु से रतलाम डिलीवर होने वाली इस गाड़ी को डिलीवरी बॉय बनकर चुरा लिया था। तब से वह इस चोरी की कार का इस्तेमाल कर रहा था।
पुलिस ने कार क्रमांक से आरटीओ विवरण की जांच की तो पता चला कि यह कार तमिलनाडु की महिला डॉक्टर के नाम पर पंजीकृत है। वर्तमान में डॉक्टर प्रधान और उनके पति रतलाम के मेडिकल कॉलेज में कार्यरत हैं।कार चोरी होने के बाद महिला डॉक्टर प्रधान के ससुर विश्वनाथन ने तमिलनाडु के ईरोड जिले के चित्तौड़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
जीआरपी एनजी थाना प्रभारी दीपशिखा सिंह तोमर ने बताया कि चेकिंग के दौरान प्लेटफार्म नंबर 1 पर ट्रेन में चोरी की फिराक में खड़े, एक चोर को गिरफ्तार किया है।
उसे कब्जे से एक कर और सोने की बाली बरामद हुई है। पकड़ा गया चोर उत्तर प्रदेश आगरा का रहने वाला है, फिलहाल पूछताछ के बाद उसे रेलवे कोर्ट में पेश किया था जहां से उसे जेल भेज दिया है।