चलती बाइक पर खतरनाक स्टंट का वीडियो वायरल, पुलिस युवक की तलाश में जुटी

Nov 01 2025

ग्वालियर। एक युवक का चलती बाइक पर खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में युवक सडक़ पर एक पहिए पर बाइक चलाता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि युवक करीब 15 मिनट तक लगातार इस तरह के स्टंट करता रहा, जिससे न केवल उसने अपनी जान जोखिम में डाली बल्कि सडक़ पर अन्य लोगों की सुरक्षा को भी खतरे में डाल दिया।
 यह घटना कलेक्टर कार्यालय के पीछे स्थित कलेक्ट रोड की बताई जा रही है। उसी रास्ते से गुजर रहे कुछ लोगों ने युवक का स्टंट मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और फुटेज के आधार पर आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की जांच की जा रही है। बाइक सवार की पहचान होते ही उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि इस तरह के स्टंट न करें, क्योंकि ये न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकते हैं।