डबरा विधायक की दहाड़ के बाद जागा भितरवार का सत्ता पक्ष और विपक्ष

Oct 30 2025

भितरवार। असमय हुई बारिश से क्षेत्र का अन्नदाता किसान बहुत दुखी है। लगातार वर्षात से बर्बाद हुई धान की फसल को लेकर शासन प्रशासन से राहत मिलने की वाट जोह रहे किसानों को देख डबरा विधायक सुरेश राजे ने तत्काल जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री से उचित कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने किसानों को इस दु:ख की घड़ी से उबारने के लिए सीएम से आवश्यक कदम उठाने की बात कही थी। 
विधायक श्री राजे की मांग पर अधिकारियों की एक टीम भितरवार क्षेत्र में खेतों पर भी पहुंची। डबरा के साथ भितरवार क्षेत्र के भी पीडि़त किसानों के साथ दिखाई दिए डबरा विधायक को देख अब भितरवार विधानसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष भी जाग गया है। इन दोनों दलों से क्रमश: क्षेत्रीय विधायक मोहन सिंह राठौर और पूर्व विधायक लाखन सिंह यादव पीडि़त किसानों के बीच पहुंचे। 
इन नेताओं ने कुछ गांवों में किसानों के साथ खेतों पर पहुंचकर की नष्ट हुई धान की फसल देखी। जानकारी के अनुसार किसानों ने खाद की समस्या से जूझते हुए कढ़ी मशक्कत से धान की फसल की। उन्होंने महंगे दाम पर ब्लैक में यूरिया और डीएपी खाद लेकर धान की फसल पल्लवित की।पककर कटाई के लिए तैयार खड़ी धान की फसल पर पिछले दिनों बेसौसम बारिश कहर बनकर गिरी। 
लगातार हुई बारिश से धान की फसल खेतों में पसर गई। बारिश खेत जलमग्न होने से डूबी धान की फसल पूरी तरह से नष्ट हो गई। अन्नदाता की इस परेशानी को देख डबरा विधायक सुरेश राजे ने तत्काल जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री से डबरा और भितरवार विधानसभा के पीडि़त किसानों के हित में उचित कार्रवाई की मांग की। जिस पर कलेक्टर के निर्देश पर कर्मचारियों की एक टीम गांवों में पहुंची। 
वहीं डबरा विधायक के बाद अब भितरवार विधानसभा में सत्ताधारी दल और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस भी पीडि़त किसानों के साथ आ गया है। बीते रोज बुधवार को क्षेत्रीय विधायक मोहन सिंह राठौर भितरवार क्षेत्र के कुछ गांवों में पहुंचे। जहां उन्होंने किसानों के साथ खेतों पर जाकर बारिश से खराब हुई धान की फसल देखी। और किसानों को उचित सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। वहीं चुनाव हारने के बाद पूर्व विधायक लाखन सिंह यादव पहली बार किसानों के साथ इस संकट घड़ी में दिखाई दिए। वे भी गुरुवार को कुछ गांवों में पहुंचे। और नष्ट हुई फसलों को देखकर शासन प्रशासन से किसानों को मुआवजे देने की मांग की। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व खाद की समस्या के दौरान भितरवार में सत्ता पक्ष और विपक्ष का कोई जिम्मेदार नेता कहीं दिखाई नहीं दिया था। कढ़ी मशक्कत से किसानों ने महंगे दामों पर ब्लैक में खाद खरीदा। सोसायटियों से खाद न मिलने पर किसान सडक़ों पर भी उतरा। लेकिन किसानों के साथ क्षेत्रीय विधायक मोहन सिंह राठौर और कांग्रेस के पूर्व विधायक लाखन सिंह नजर नहीं आए थे।