भाजपा नेताओं की विकास बैठकें शहर से छलावा: धर्मेंद्र शर्मा

Oct 30 2025

ग्वालियर। मप्र कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि ग्वालियर शहर आज भाजपा सरकार की नाकामी और लापरवाही का सबसे बड़ा उदाहरण बन गया है। कभी प्रदेश की पहचान और गौरव का प्रतीक रहा यह शहर अब टूटी सडक़ों, गंदे अस्पतालों और बेरोजगारी के अंधकार में डूबा हुआ है।
हालात इतने खराब हैं कि एक दिन में ही झांसी हाइवे पर 5 बड़े एक्सीडेंट हो गए। शहर के अंदरूनी इलाकों में सडक़ों पर पानी और कीचड़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त हैं। कई जगह वाहन गड्डों में धंस रहे हैं, और लोग जान जोखिम में डालकर आवागमन कर रहे हैं।
धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि ग्वालियर की महल रोड से चेतकपुरी तक की सडक़ ने पूरे देश में शहर को बदनाम किया था। यह सडक़ गड्डों वाली सडक़ के रूप में राष्ट्रीय पहचान बन गई थी, उसके बाद भाजपा ने कई समीक्षा बैठकों का दिखावा किया, सुधार के आश्वासन दिए, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं।
जनता अब पूछ रही है कि आखिर इन बैठकों और बयानों का नतीजा क्या निकला? आखिर ग्वालियर की इस दुर्दशा पर यहां के वरिष्ठ भाजपा के नेता मौन क्यों है?