मेले में फिटनेस की जांच के बाद झूले हों संचालित:संभागायुक्त

Oct 30 2025

ग्वालियर। ग्वालियर व्यापार मेले की तैयारियों को लेकर संभागायुक्त मनोज खत्री ने समीक्षा बैठक मेला प्राधिकरण के सभाकक्ष में ली। जिसमें झूलों की फिटनेस की जांच होना और सैलानियों की सुरक्षा का ध्यान रखने के निर्देश अपने अधीनस्थ अधिकारियों को दिए।
उल्लेखनीय है कि ग्वालियर व्यापार मेले का आयोजन 25 दिसंबर से किया जाना है जिसके लिए लगभग डेढ़ माह का समय बचा है। बैठक में संभागायुक्त खत्री ने निर्देशित करते हुए कहा कि पहले की घटना को याद रखते हुए झूलों की फिटनेस की जांच समय पर हो इसके बाद ही झूले संचालित किए जाएं। उन्होंने मेले में विद्युत सुरक्षा, निर्बाध विद्युत प्रदाय, स्थायी चिकित्सालय, एम्बूलेंस की व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन, फायर और सफाई व्यवस्था, विभागीय प्रदर्शनियों का आयोजन, पार्किंग व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि मेले के सभी सेक्टरों में दुकानें सुव्यवस्थित ढंग से लगें। हर दुकान पर शर्तों के अनुसार सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हों। चर्चा के दौरान सभी व्यवस्थाओं के लिए मेला प्राधिकरण की ओर से गठित समितियों को जवाबदेही सौंपी गई।
बैठक में आईजी अरविंद सक्सेना ने कहा कि मेले में पार्किंग व्यवस्था और सुरक्षाब व्यवस्था को चाक-चौबंद किया जाए। कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा कि मेले में अच्छे और भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएं। एसएसपी धर्मवीर सिंह ने कहा कि पार्किंग के लिए जो ठेकेदार आएंगे, उनसे निर्धारित शर्तों का पालन भी सुनिश्चित कराया जाएगा।
बैठक में आईजी अरविंद सक्सेना, कलेक्टर रुचिका चौहान, एसएसपी धर्मवीर सिंह, निगमायुक्त संघ प्रिय, जिला पंचायत सीईओ सोजान सिंह रावत आदि उपस्थित थे।
वहीं मेले की सभी व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालन करने के लिए संभागायुक्त मनोज खत्री ने विभिन्न समितियों का गठन किया है। जिसमें प्रशासनिक समिति, सांस्कृतिक समिति, बाजार व्यवस्था, झूलों की फिटनिस जांच समिति, विद्युत समिति, दंगल समिति, जन सुविधा समिति, यातायात समिति, विभागीय प्रदर्शनी, स्वागत एवं पुरस्कार समिति, पशु मेला आयोजन समिति, मदाखलत समिति का शामिल हैं।