जलती बस से यात्रियों की जान बचाने वाले हवलदार और बस क्लीनर सम्मानित

Oct 30 2025

ग्वालियर। पिछोर से ईसागढ होते हुए इंदौर जा रही बस में अचानक आग लगने के दौरान यात्रियों की जान बचाने वाले हवलदार अरविन्द रघुवंशी और बस क्लीनर लक्ष्मीनारायण केवट को उनकी बहादुरी के लिए सम्मानित किया गया। आईजी अरविंद सक्सेना और डीआईजी अमित सांघी ने दोनों को शॉल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र भेंट कर 10-10 हजार रुपए का नकद पुरस्कार प्रदान किया। घटना 25 अक्टूबर की रात्रि करीब पौने आठ बजे की है।
 25 अक्टूबर की रात्रि को वीडियो कोच बस क्रमांक यूपी 78-सीटी-6660 पिछोर से ईसागढ़ होते हुए इंदौर जा रही थी। बस में लगभग 40-45 यात्री सवार थे। ईसागढ़ में बमनावर के पास स्थित डेलकेवर के पास बस में अचानक आग लग गई। बस में सवार प्रधान आरक्षक अरविन्द रघुवंशी, थाना कदवाया (अशोकनगर) ने तुरंत आग लगते ही क्लीनर लक्ष्मीनारायण केवट के साथ मिलकर बस का कांच तोड़ा और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुट गए। उनकी तत्परता और साहस से भीषण हादस टल गया।
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के निर्देश पर आईजी कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में दोनों को सम्मानित किया गया। आईजी अरविंद सक्सेना एवं डीआईजी अमित सांघी ने उनकी सराहना करते हुए कहा कि ऐसी सूझबूझ और साहस प्रेरणादायक है। उन्होंने आशा व्यक्त की वे भविष्य में भी इसी निष्ठा से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहेंगे।