15 दिन में सडक़ नहीं सुधरीं तो निगम दफ्तर के सामने बहाऊंगी खून:पार्षद अपर्णा

Oct 30 2025

ग्वालियर। खराब सडक़ों को लेकर बीजेपी की महिला पार्षद अपर्णा पाटिल ने नगर सरकार को अल्टीमेटम दिया है। पार्षद ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर चेतावनी दी है कि यदि अगले 15 दिनों में सडक़ों की मरम्मत नहीं की गई, तो वह निगम मुख्यालय के सामने अपना खून बहाएंगी। बता दें कि ग्वालियर में कांग्रेस की नगर सरकार है।
यह वीडियो पार्षद अपर्णा पाटिल ने बसंत विहार इलाके की खराब सडक़ों को लेकर जारी किया है। पाटिल ने कहा कि इन सडक़ों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, जिनमें लोग घायल हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बसंत विहार के निवासी पूरा टैक्स चुकाते हैं, लेकिन उन्हें बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। पार्षद ने बताया कि वह तीन साल से इन सडक़ों के निर्माण की मांग कर रही हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है।
अपर्णा पाटिल ने कहा कि क्षेत्र में लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे ऑटो और अन्य वाहन पलट रहे हैं और जनता परेशान है। उन्होंने नगर सरकार को 15 दिन का समय देते हुए चेतावनी दी कि यदि इस अवधि में सडक़ों की मरम्मत नहीं की गई, तो वह निगम मुख्यालय के सामने अपना खून बहाएंगी।