छात्रों को कैंसर के प्रति जागरूक किया

Oct 29 2025

ग्वालियर। कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान संस्थान ग्वालियर द्वारा कोऑर्डिनेटिंग कैंसर केयर प्रोग्राम के अंतर्गत आईआरए वल्र्ड स्कूल में कैंसर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्रों में कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाना तथा विशेष रूप से महिलाओं में बढ़ते कैंसर के मामलों की रोकथाम के लिए प्रारंभिक पहचान और एचपीवी वैक्सीन जैसे निवारक उपायों के महत्व को बताना था। कैंसर अस्पताल से डॉ. मोनिका दिवान, डॉ. मीरा श्रीवास्तव सहित उनकी टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में डॉ. मोनिका दिवान ने छात्रों को स्तन कैंसर, गर्भाशय ग्रीवा कैंसर तथा मुँह और गले के कैंसर के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को बताया कि कैसे तंबाकू और धूम्रपान से दूर रहकर सिर एवं गले के कैंसर से बचा जा सकता है। उन्होंने बालिकाओं को स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव हेतु स्वच्छता बनाए रखने और एचपीवी वैक्सीन के महत्व के बारे में भी बताया।
इसके पश्चात डॉ. मीरा श्रीवास्तव ने छात्रों को जीवन में कभी हार न मानने और हर कठिनाई का साहसपूर्वक सामना करने की प्रेरणा दी। उन्होंने अपने कैंसर से लड़ाई के अनुभव को साझा करते हुए विद्यार्थियों को जीवन में सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया।
यह जागरूकता सत्र अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा, जिसने छात्रों को न केवल स्वास्थ्य के प्रति सजग किया बल्कि जीवन में दृढ़ता और साहस के महत्व को भी समझाया।
कार्यक्रम के अंत में स्कूल की प्राचार्या एवं समस्त स्टाफ ने कैंसर अस्पताल की टीम का स्वागत किया तथा विद्यार्थियों को इतनी मूल्यवान जानकारी प्रदान करने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।