कलेक्टर ने स्व सहायता समूह की महिलाओं को किया प्रोत्साहित

Oct 28 2025

ग्वालियर। स्वयंसिद्धा स्व सहायता समूह से जुड़ीं महिलाएं अपने आत्मविश्वास, लगन और मेहनत के दम पर वह मुकाम हासिल कर चुकी हैं, जिसकी अपेक्षा हर महिला करती हैं। इन महिलाओं ने आत्मनिर्भरता की दिशा में ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया है जो अन्य समूहों और महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने स्व सहायता समूह की 100 से अधिक महिलाओं के बीच पहुंचकर उनकी सफलता की कहानियां सुनीं और उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने स्वयंसिद्धा समूह की प्रमुख महिमा तारे एवं महिलाओं से आत्मनिर्भर बनने की यात्रा के अनुभव साझा करने को कहा। साथ ही उन्हें निरंतर प्रगति करने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर ने कहा कि स्व-सहायता समूह सिर्फ आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का आधार हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि समूह का एक फेसबुक पेज बनाया जाए ताकि उनकी गतिविधियों को आमजन तक पहुंचाया जा सके। कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन महिलाओं के उत्पादों के विपणन और प्रदर्शन के लिए पूरा सहयोग करेगा। उन्होंने कहा स्वयंसिद्धा अब केवल एक समूह नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की सशक्त प्रतीक बन चुकी है।