कबाड़ के गोदाम में भडक़ी आग जेसीबी से दीवार तोडक़र बुझाई

Oct 27 2025

ग्वालियर। बहोड़ापुर स्थित आरआर टावर के नजदीक बने एक मकान में बनाकर रखे कबाड़ के गोदाम में गत देर शाम को आग भडक़ गई। आग इतनी विकराल होती चली गई कि फायर ब्रिगेड को मदद के लिए एयरफोर्स और मालनपुर से दमकल बुलाना पड़ी। प्लाटिक एवं रबर रखी होने के कारण चंद मिनट में गोदाम से 30 फीट ऊंची आग की लपटें निकलने लगीं। गोदाम के ऊपर टीन शेड लगा था। आग से टीन लगी थी या नहीं यह समझ ही नहीं आ रहा था।
हालांकि नौ गाड़ी पानी डालने पर कंट्रोल हुई आग के बाद एयरफोर्स की दमकल को रास्ते से वापस लौटना दिया गया। मालनपुर से आई गाड़ी का आग बुझाने में उपयोग हुआ।
इस बीच टीन शेड गिरने से आग कंट्रोल होती दिखी। लेकिन फिर अचानक आग विकराल होने लगी। फिर दो गाड़ी पानी और डालकर आग को बुझाने का काम किया गया। 
मकान मालिक सुलोचना गौड़ ने कबाड़ का काम करने वाले संजय गुप्ता को किराए पर संपत्ति दी थी। गत देर शाम सात बजे अचानक गोदाम में आग लगना शुरू हुई। धीरे-धीरे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।  बड़ी मशक्कत के बाद आग बुझी।
गोदाम में आग की घटना के दौरान टीन शेड भरभराकर नीचे गिर पड़ा। उस वक्त ऐसा लगा कि आग कंट्रोल हो गई। निगम ने 2 जेसीबी को बुलाकर दीवार को तोड़ा और टीन को हटाया। वैसे ही आग एक बार फिर धधक उठी। फायर बिग्रेड जहां एक ओर पानी फेंक रही थी। वहीं नजदीक आरआर टावर से भी पानी लिया गया। इसके बाद आग बुझ सकी। स्थानीय लोग कई बार इस अवैध गोदाम की शिकायत कर चुके हैं, लेकिन निगम अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। आग लगने के पीछे कारण फिलहाल शार्ट सर्किट सामने आ रहा है।
मौके पर एडिशनल एसपी अनु बेनीवाल सहित चारों सीएसपी, नगर निगम फायर ब्रिगेड विभाग के नोडल अधिकारी अतिबल सिंह यादव सहित अन्य अधिकारी पहुंच गए थे। आग बुझने पर सबने राहत ही सांस ली।