ग्वालियर-चंबल अंचल के शहरों में सुबह से रिमझिम का सिलसिला जारी

Oct 27 2025

ग्वालियर। सोमवार सुबह से ग्वालियर-चंबल अंचल में रिमझिम बारिश का दौर जारी है। सुबह बूंदाबांदी से शुरू हुई बारिश 7 बजे के बाद तेज रफ्तार पकड़ ली। अचानक हुई इस बारिश से मौसम में ठंडक घुल गई और लोगों को नवंबर की ठिठुरन का एहसास होने लगा। मौसम विभाग के अनुसार, अरब सागर में बने सिस्टम और ट्रफ लाइन के कारण अगले तीन दिन तक क्षेत्र में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि अरब सागर की खाड़ी में सक्रिय सिस्टम से एक कम दबाव का क्षेत्र (डिप्रेशन) बना है। इससे जुड़ी ट्रफ लाइन मध्यप्रदेश के उत्तर और मध्य भागों से गुजर रही है, जिसके कारण ग्वालियर-चंबल अंचल में लगातार बारिश हो रही है। आने वाले तीन दिन तक यह सिस्टम सक्रिय रहेगा, और ग्वालियर, मुरैना, दतिया, शिवपुरी, श्योपुर और भिंड जिलों में रिमझिम से तेज बारिश की संभावना है।
सोमवार सुबह 5 बजे से बूंदाबांदी शुरू हुई थी, जो 7 बजे के बाद तेज रिमझिम में बदल गई। लोगों की नींद बारिश की आवाज के बीच खुली। ग्वालियर और मुरैना में सडक़ों पर पानी भर गया, जिससे सुबह-सुबह ऑफिस और स्कूल जाने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
 दिवाली के बाद से ग्वालियर-चंबल में बादलों का डेरा बना हुआ था। पहले माना जा रहा था कि अब सर्दी बढ़ेगी, लेकिन मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश थमने के बाद ठंड में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि अगले 72 घंटे तक ग्वालियर-चंबल अंचल में रुक-रुक कर बारिश जारी रहेगी। साथ ही दिन का तापमान घटेगा और रातें हल्की गर्म रहेंगी। इसके बाद मौसम साफ होते ही ठंड तेजी से बढऩे के आसार हैं।