कॉम्बिंग गश्त में 292 वारंटी पकड़े, 360 हिस्ट्रीशीटरों को किया चेक

Oct 25 2025

ग्वालियर। जिले में कानून व्यवस्था बनाये रखने व आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से एसएसपी धर्मवीर सिंह के निर्देश पर ग्वालियर जिले में गत रात्रि शहर व देहात के थाना क्षेत्रों में कॉम्बिंग गश्त किया गया। 
इस दौरान एएसपी श्रीमती विदिता डागर, एएसपी श्रीमती अनु बेनीवाल, एएसपी श्रीमती सुमन गुर्जर, एएसपी जयराज कुबेर एवं ग्वालियर पुलिस के समस्त राजपत्रित अधिकारियों द्वारा अपने-अपने अधीनस्थ थाना प्रभारियों के साथ मय पुलिस बल के ग्वालियर शहर एवं देहात क्षेत्र में कॉम्बिंग गश्त किया। कॉम्बिंग गश्त से पूर्व अनुभाग वार पुलिस बल को अलग-अलग स्थानों पर एकत्रित किया जाकर राजपत्रित अधिकारियों द्वारा फोर्स को ब्रीफ किया गया, उसके बाद अलग-अलग क्षेत्रों में कॉम्बिंग गश्त के लिए रवाना किया गया।
इस अवसर पर एसएसपी धर्मवीर सिंह द्वारा शहर में स्वयं कॉम्बिंग गश्त का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को प्रभावी कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। पुलिस के अधिकारियों द्वारा अधीनस्थ थाना बल के साथ अपने-अपने क्षेत्र में पैदल गश्त किया गया। इस दौरान उनके द्वारा फरारी बदमाशों, वारंटियों, गुण्डों, हिस्ट्रीशीटरों एवं जिला बदर के आरोपियों की उनके घरों पर चेकिंग के साथ ही बैंक एटीएम एवं होटल, लॉज, धर्मशाला, ढाबों को भी चेक किया। इस गश्त के लिये पुलिस की टीमें बनाकर शहर व देहात क्षेत्रों में संवेदनशील इलाकों में भी गश्त की गई। कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों तथा मुंह बांधे दो पहिया वाहन चालकों की विशेष तौर पर चेकिंग की गई।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने जिले में कुल 146 स्थाई वारंट, 146 गिरफ्तारी वारंट तामील कराये गये साथ ही 179 गुण्डा एवं 181 हिस्ट्रीशीटरों को चेक किया। कॉम्बिंग गश्त के दौरान थाना महाराजपुरा, बिजौली एवं भितरवार में शराब का 1-1 प्रकरण दर्ज किया गया। इसके अलावा 107/116 जाफौ के तहत 3 प्रकरणों में 7 व्यक्तियों पर कार्यवाही की गई हैं।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस द्वारा कई सक्रिय बदमाशों के विरूद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की गई साथ ही गुण्डों एवं हिस्ट्रीशीटरों के रिकॉर्ड को अपडेट किया। शहर व देहात क्षेत्र की गली मौहल्लों में घूमकर पुलिस ने गुण्डे, बदमाशों की धरपकड़ की। 
एसएसपी सिंह द्वारा जिले में कानून व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से यह कॉम्बिंग गश्त कराई गई। पुलिस टीमों द्वारा गुण्डों एवं बदमाशों तथा जिला बदर के आरोपियों के घर जाकर उनकी जानकारी ली गई, चैकिंग के दौरान प्रत्येक गुण्डा, बदमाश को चेतावनी भी दी गई कि यदि वह किसी भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उनके विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी। कॉम्बिंग गश्त के दौरान जेल से रिहा होकर आये आरोपियों को भी चेक किया गया। अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से ग्वालियर पुलिस द्वारा की गई यह कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।