एक दूसरे के धुर विरोधी विधायक और पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष की नई तस्वीर बनी चर्चा का विषय

Oct 24 2025

भितरवार। (मनीष मिश्रा) कहते हैं कि राजनीति में कोई किसी का स्थाई विरोधी या दोस्त नहीं होता आगामी समय के फायदे या सौदा से राजनैतिक लोगों के चेहरे बदलते रहते हैं। इस बात के कई उदाहरण देखने भी मिले हैं। भितरवार का एक ताजा उदाहरण सामने आया है। जिसमें एक दूसरे के धुर विरोधी रहे विधायक मोहन सिंह राठौर और भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा सभी गिले शिकवे भुलाकर एक नए अंदाज मिले हैं।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष की परछाई से भी नफरत करने वाले विधायक श्री राठौर की अब उनसे (भाजपा जिलाध्यक्ष) से गले मिलते हुए सामने आई एक तस्वीर राजनैतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष श्री शर्मा द्वारा अपनी फेसबुक पर पोस्ट की गई इस तस्वीर के कई मायने निकाले जा रहे हैं।
उल्लेखनीय हैं कि विधानसभा चुनाव 2023 में भाजपा से टिकिट की दावेदारी को लेकर विधायक मोहन सिंह राठौर और भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा के बीच अदावत शुरू हुई थी। विधानसभा चुनाव से पहले हुए भितरवार और घाटीगांव जनपद पंचायत अध्यक्ष और भितरवार विधानसभा के अंतर्गत आने बाली सभी निकायों के चुनाव में इन दोनों नेताओं के बीच सह मात का खेल काफी चला। अपने अपने समर्थकों को चुनाव जिताने के लिए दोनों नेताओं ने पूरी ताकत झोंक दी थी।
उस समय भाजपा का भाजपा से चुनाव देखने को मिला था। इसके बाद लगातार एक दूसरे परास्त करने में यह दोनों नेता लगे रहे। इसी बीच विधायक मोहन सिंह राठौर भाजपा से टिकिट पाने में कामयाब हुए। कांग्रेस प्रत्याशी के काफी विरोध के चलते चुनाव में श्री राठौर ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की। राजनैतिक सूत्र बताते हैं कि विधानसभा चुनाव श्री राठौर ने भीतरघात करने का आरोप भी लगाया था। चुनाव में विरोध के कई ऑडियो वायरल भी हुए। चुनाव जीतने के बाद विधायक श्री राठौर ने पार्टी के प्रोटोकोल की परवाह किए बगैर अपने बैनर पोस्टर से भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष श्री शर्मा को दूर रखा।
भाजपा के तत्कालीन जिलाध्यक्ष के बैनर पर फोटो न लगाए जाने से कई तरह की चर्चाएं गर्म रहीं। वहीं नए भाजपा जिलाध्यक्ष बने प्रेमसिंह राजपूत को विधायक श्री राठौर ने अपने बैनर में जगह देकर एक संदेश देने का काम किया। लगभग दो साल तक चले ऐसे विरोध के बाद दीपावली पर विधायक मोहन सिंह राठौर और भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा की गले मिलते हुए एक तस्वीर सामने आई है। जिसे भविष्य की राजनीति से जोडक़र देखा जा रहा है। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष श्री शर्मा ने यह तस्वीर अपनी फेसबुक पर पोस्ट की है। जिसमें उन्होंने विधायक श्री राठौर को दीपावली की शुभकामनाएं दीं हैं।