एयरोस्पेस इंडस्ट्री में अनुभव और नवाचार पर व्याख्यान

Oct 24 2025

ग्वालियर। माधव प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान सम विश्वविद्यालय के मैकेनिकल इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट और एयरोस्पेस क्लब द्वारा, इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया), ग्वालियर लोकल सेंटर के सहयोग से 24 अक्टूबर को इन्फो सेशन नामक सेमिनार का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जीई एरोनॉटिक्स के एडवांस्ड लीड इंजीनियर एवं उद्योग विशेषज्ञ अंकित शुक्ला ने छात्रों को एयरोस्पेस इंजीनियरिंग के वर्तमान परिदृश्य और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि एयरोस्पेस क्षेत्र केवल विमान निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें एयरक्राफ्ट डिजाइन, एयरलाइंस एवं एयरपोर्ट प्रबंधन, फ्लाइट ऑपरेशंस, ग्राउंड हैंडलिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर और मेंटेनेंस जैसे अनेक क्षेत्र शामिल हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अनुभव इस उद्योग की सबसे बड़ी पूँजी है। हर प्रोजेक्ट, हर डिज़ाइन, हर परीक्षण आपको सीखने और आगे बढऩे का नया अवसर देता है।
 श्री शुक्ला ने छात्रों को समझाया कि चाहे वे मैकेनिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स या कंप्यूटर इंजीनियरिंग के विद्यार्थी हों यदि वे सही प्रशिक्षण और प्रायोगिक ज्ञान प्राप्त करें, तो वे आसानी से एविएशन और एयरोस्पेस सेक्टर में अपना करियर बना सकते हैं।
अंत में एक प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों ने करियर संभावनाओं और उद्योग के अनुभव से जुड़े प्रश्न पूछे। श्री शुक्ला ने प्रत्येक प्रश्न का विस्तृत एवं व्यावहारिक उत्तर दिया। कार्यक्रम का संचालन एयरोस्पेस क्लब द्वारा किया गया और समन्वयन इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियर्स के सहयोग से हुआ।
कार्यक्रम में इंजी. राधाकिशन खेतान, इंजी. विनय शुक्ला, इंजी. शिव पाण्डे, डॉ. मनीष कुमार सागर, डॉ. सीएस मालवी एवं डॉ. नितिन उपाध्याय उपस्थित थे।