बहनों ने केन्द्रीय जेल में बंदियों भाइयों के माथे पर टीका लगाकर मनाई भाईदूज

Oct 23 2025

ग्वालियर। केन्द्रीय जेल में बंदियों से गुरुवार 23 अक्टूबर को भाईदूज के पावन अवसर पर उनके माता-बहनों व छोटे बच्चों से प्रत्यक्ष मुलाकात कराई गई। इस अवसर पर बहनों ने अपने भाईयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी दीर्घ आयु की कामना की। यह मुलाकात शर्तों के साथ कराई गई।
जेल अधीक्षक से प्राप्त जानकारी के अनुसार केन्द्रीय जेल में बंद भाई से मुलाकात करने की इच्छुक बहनों के गुरुवार प्रात: 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक नाम लिखे गये। पंजीकृत बहनों की अपरान्ह 3 बजे उनके भाईयों से मुलाकात कराई गई।
मुलाकात के लिये आने वाली बहनों को जेल की सुरक्षा एवं जेल नियमों का पालन किया गया। मुलाकात के लिये आने वाली सभी बहनें सीसीटीव्ही कैमरे की निगरानी में रहीं। जेल प्रशासन द्वारा जेल कैन्टीन से भाईदौज की विशेष किट निर्धारित शुल्क लेकर प्राप्त की। इस किट में मिठाई, कुमकुम व अक्षत इत्यादि सामग्री उपलब्ध रही।
जेल अधीक्षक से मिली जानकारी के अनुसार केन्द्रीय जेल के 2200 बंदियों की माता-बहनों एवं बच्चों से प्रत्यक्ष मुलाकात कराई गई। इस अवसर पर इन बंदियों की माता-बहनों व बच्चों सहित कुल मिलाकर लगभग 8200 परिजन उपस्थित हुए।
 जिला प्रशासन एवं पुलिस के सहयोग से जेल मेन्युअल के अनुसार जेल प्रबंधन द्वारा की गई पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के बीच यह खुली मुलाक़ात कराई गई।