दीपावली का महापर्व श्रद्धाभाव से मना, महालक्ष्मी का पूजन कर की आतिशबाजी

Oct 22 2025

ग्वालियर। दीपावली का महापर्व सोमवार को श्रद्धाभाव और हंसी-खुशी के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर महालक्ष्मी जी की पूजा की गई और आतिशबाजी चलाई। महालक्ष्मी को भोग लगाने के लिए घर-घर पकवान भी बनाए गए। इस दिन संपूर्ण शहर दुल्हन की तरह सजा हुआ दिखाई दिया। वहीं दीपावली के दूसरे दिन मंगलवार को संपूर्ण शहर की दुकानें बंद रहीं और बाजारों में चहल-पहल नहीं रही। वहीं कई सामाजिक संस्थाओं ने जरूरतमंद लोगों को वस्त्र, आतिशबाजी और मिष्ठान का वितरण किया।
दीपावली महापर्व को लेकर सोमवार को सुबह से ही शहर में चहल-पहल दिखाई दी। लोगों की अधिकतर भीड़ पूजन सामाग्री, मिठाई, आतिशबाजी और सजावट सामान की दुकानों पर देखने को मिली। इस दिन शुभ मुहुर्त के अनुसार लोगों ने अपने-अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर महालक्ष्मी जी की पूजा अर्चना की और दीप प्रज्वलित किए। 
शाम होते ही शहर रंग बिरंगी रोशनी में नहाया नजर आया है। बाजारों में अलग ही रौनक बिखरी हुई थी। हर तरफ आतिशबाजी का शोर सुनाई दे रहा था। शहर के आसमान में अलग-अलग रंग के पटाखों की रोशनी देखते ही बन रही थी। बच्चों ने बड़ों के चरण छूकर आशीर्वाद लिया है। 
शहर में मुश्तैद रही पुलिस
दीपावली की खुशियों में कोई खलल न डाले इसके लिए ग्वालियर पुलिस पूरी तरह मुश्तैद नजर आई है। दीपावली पर बाजारों से लेकर शहर के नाकाबंदी पॉइंट और चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहा है। डायल112 अलर्ट पॉजिशन में खड़ी नजर आई हैं। पुलिस अफसरों को एसएसपी  धर्मवीर सिंह ने सख्त हिदायत दी थी कि कोई भी परेशानी में मदद मांगता है तो तत्काल पुलिस पहुंचकर उसे प्राथमिक सुरक्षा मुहैया कराएगी।