विशेष गढ़पाले बने मप्र अजाक्स के कार्यवाहक प्रांताध्यक्ष

Oct 17 2025

ग्वालियर। मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति जनजाति अधिकारी एवं कर्मचारी संघ (अजाक्स) की प्रदेश स्तरीय आमसभा एवं अभिनंदन समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रदेशभर से आए प्रांतीय, जिला, तहसील एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों की सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया गया, जिसके तहत विशेष गढ़पाले, सचिव ऊर्जा विभाग को मप्र अजाक्स का कार्यवाहक प्रांताध्यक्ष मनोनीत किया गया।
अजाक्स के प्रांताध्यक्ष चौधरी मुकेश मौर्य ने आमसभा के दौरान भरी सभा में श्री गढ़पाले को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर श्री गढ़पाले ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की गतिविधियों को और अधिक सशक्त एवं गतिशील बनाने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों ने भाग लिया और संगठन की एकजुटता के लिए संकल्प दोहराया।