सीमा सुरक्षा बल अकादमी में सहायक कमांडेंट (विभागीय भर्ती) की दीक्षांत परेड संपन्न

Oct 12 2025

ग्वालियर। सीमा सुरक्षा बल अकादमी ग्वालियर में सहायक कमांडेंट (विभागीय भर्ती) कोर्स क्रमांक-15 की दीक्षांत परेड रंगारंग तरीके से संपन्न हुई। इस बैच में कुल 29 प्रशिक्षु अधिकारी शामिल थे, जिनमें 2 महिला अधिकारी भी थीं। परेड की सलामी निदेशक बीएसएफ अकादमी टेकनपुर के डा शमशेर सिंह ने ली।
प्रशिक्षु अधिकारियों ने भारत के संविधान के प्रति अपनी निष्ठा, राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करने की शपथ ली। ज्ञातव्य है कि प्रशिक्षु अधिकारियों का प्रशिक्षण आईजी एवं संयुक्त निदेशक ब्रजेश कुमार, कमांडर उमेद सिंह, डीआईजी नारायण चंद, डीआईजी अकादमीय जसबीर सिंह, मनमोहन सिंह रंधावा, के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।
अतिथि डॉ. शमशेर सिंह ने परेड का निरीक्षण कर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु अधिकारियों को ट्रॉफियाँ प्रदान कीं।
ट्राफी पाने वालों में चमन भाई गौरवाल, सहायक कमांडेंट, संजय, तथा नितिन कुमार शर्मा,शामिल है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डा शमशेर सिंह ने सीमा सुरक्षा बल की गौरवशाली परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि बल के संस्थापक एवं प्रथम महानिदेशक केएफ रूस्तमजी द्वारा स्थापित आदर्शों ने बीएसएफ को विश्व की सबसे बड़ी और कुशल सीमा - रक्षक संस्था बनाया है। उन्होंने बल के सभी शहीद जवानों को नमन करते हुए कहा कि उनका बलिदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने हाल ही में संपन्न ऑपरेशन सिन्दूर का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि बीएसएफ के सामरिक प्रदर्शन को पूरे देश ने सराहा है, और यह हम सभी के लिए गर्व की बात है।
मुख्य अतिथि ने कहा कि बीएसएफ अकादमी ग्वालियर, आज देश की सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षण संस्थाओं में से एक है, जिसने अब तक अनेक वीर और काबिल अधिकारियों को तैयार किया है। उन्होंने बताया कि अकादमी में हाल ही में स्कूल ऑफ ड्रोन वारफेयर और पुलिस टेक्नोलॉजी इनोवेशन सेंटर की स्थापना की गई है, जिससे बल को आधुनिक तकनीकी आयाम प्राप्त होते रहेंगे।
उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को देश सेवा के प्रति समर्पित रहने, अनुशासन और निष्ठा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा कठिन परिस्थितियों में भी प्रोफेशनलिज्म बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों के माता-पिता और अभिभावकों को भी बधाई दी और उनके त्याग व मार्गदर्शन की सराहना की।
निदेशक डॉ. शमशेर सिंह, ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि आगामी केवडिया परेड में डॉग शो आयोजित कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से सीमा सुरक्षा बल के नेशनल ट्रेनिंग सेंटर फार डाग्स (एनटीसीडी) में जन्मी व प्रशिक्षित देसी नस्ल की डॉग रिया की प्रशंसा की, जिसने 2024 में आयोजित चैंपियनशिप में ट्रैकर श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया और बेस्ट डॉग ऑफ कॉम्पटीशन का खिताब जीता कर चैंपियनशिप भी जीती। डॉ. सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि बीएसएफ के लिए गर्व की बात है जो दर्शाती है कि देशी नस्लों के स्वान भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्म निर्भर भारत का उल्लेखनीय प्रयास है।