कचरे के पहाड़ ने रोका ग्रामीणों का रास्ता, 10 किलोमीटर की दूरी बढ़ी

Oct 09 2025

ग्वालियर। नगर निगम की लापरवाही की वजह से सैंकड़ों ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। लैंडफिल साइट केदारपुर में नगर निगम द्वारा हजारों टन कचरा शहर से निकालकर एकत्रित किया जाता है। लेकिन निगम के अधिकारी इस कचरे को लापरवाहीपूर्वक तरीके से साइट के बाहर मेन रोड पर फेंक देते है। इस वजह से महीनों से यहां के ग्रामीणों का आना जाना मुश्किल भरा हो रहा है। बरसात के दिनों में लैंडफिल साइट कचरे के दबाब से दीवाल टूट गई और कचरा बाहर सडक़ पर फैल गया। उसके बाद से ही हजारों टन कचरा मुख्य सडक़ पर बिखरा हुआ है। इसको लेकर आसपास के गांव के निवासियों ने निगमायुक्त से मुलाकात की थी। अपनी परेशानी को लेकर ग्रामीण विधायक डा. सतीश सिकरवार व महापौर डा. शोभा सिकरवार से भी मिले थे।
निगमायुक्त ने मौके पर निरीक्षण करते हुये सडक़ से कचरा हटवा दिया था। लेकिन सडक़ के किनारे आज भी कचरे के पहाड़ लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। इसकी वजह से आसपास के एक दर्जन गांवों के निवासी आने जाने के लिये मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। इस संबंध में लगातार उनके द्वारा निगम अधिकारियों को शिकायत दी जाती है। लेकिन इनको कोई विशेष राहत नहीं मिल पा रही है। कचरों के ढेर की वजह से ग्रामीण दूसरे रास्तों से करीब 10 किलोमीटर लंबा रास्ता तय करते हुये अपने घर पहुंच रहे हैं। अपनी परेशानी को लेकर चंदोहाखुर्द के ग्रामीण निगमायुक्त से कार्यालय में जाकर मिले थे। इसके बाद निगमायुक्त ने मशीनों से रास्ता साफ करवा दिया था। मगर आज भी रास्ता पूरी तरह से साफ नहीं हो सका है। 
लैंडफिल साइट केदारपुर के नजदीक कचरे से बंद हो रही सडक़ से इस क्षेत्र के एक दर्जन गांव का रास्ता बंद हो गया है। सडक़ पर कचरे के पहाड़ जमा होने से पानी का रास्ता भी तीन महीने तक बंद रहा। पानी की निकासी बंद होने से बारिश में शिवपुरी लिंक रोड तक जलभराव की समस्या बनी रही थी। यहां के ग्रामीण अपने व्यक्तिगत खर्च पर पंप लगाकर पानी को निकालकर घरों व खेतों के लिये रास्ता बना रहे हैं। बारिश की परेशानी को थम गई। लेकिन अभी तक यहां के ग्रामीणों की परेशानी दूर नहीं हो पा रही है।
इस मामले में निगमायुक्त संघप्रिय का कहना है कि इस क्षेत्र में कचरे के कारण कुछ गांवों का रास्ता रूकने की समस्या बरसात के दिनों में आई थी। मैंने स्वयं मौके पर निरीक्षण करने के बाद रास्ता खुलवाया था। लैंडफिल साइट की एक दीवाल के कचरे के दबाब से क्षतिग्रस्त होने की वजह से कचरा सडक़ पर आ जाता है। इस दीवाल को मजबूत बनाया जा रहा है। लोगों की परेशानी दूर करने के लिये हरसंभव मदद की जा रही है।