महर्षि वाल्मीकि की जयंती पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए

Oct 07 2025

ग्वालियर। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के आदर्श चरित्र को लिपिबद्ध कर संपूर्ण विश्व को पवित्र महाकाव्य रामायण का अनुपम उपहार देने वाले आदिकवि महर्षि वाल्मीकि की जयंती मंगलवार को बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाई गई। शहर भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
वहीं भाजपा एवं कांग्रेस द्वारा महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर कम्पू स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पण कर उन्हें नमन किया। इस मौके पर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने कहा कि आदिकवि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण ने मानव समाज को प्रभु श्रीराम की प्रेरणादायक कथा और आदर्श जीवन-मूल्यों की धरोहर प्रदान की है। आध्यात्मिक जागृति, करुणा और मानवीय आदर्शों के प्रतीक महर्षि वाल्मीकि की गणना भारतीय संस्कृति के आधार-स्तंभों में की जाती है। 
भाजपा के स्वामी विवेकानंद मंडल द्वारा महर्षि वाल्मीकि जयंती की पूर्व संध्या पर मैस्कॉट हॉस्पिटल के सामने महर्षि वाल्मीकि मंदिर में 501 दीप जलाए एवं भगवान वाल्मीकि को माला पहना कर उनकी आरती करके प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अमर कुटे ने कहा कि भगवान महर्षि वाल्मीकि का जीवन चरित्र मानवीय संभावनाओं की अनंता का प्रमाण है महर्षि वाल्मीकि जी ने रामायण जैसे महाकाव्य की रचना की।