सनातन धर्म मंदिर में पांच क्विंटल खीर भक्तों में वितरित की

Oct 07 2025

ग्वालियर। शरद पूर्णिमा पर मंदिरों में शरद उत्सव मनाया और भगवान का विशेष पूजन कर खीर का भोग अर्पित किया। साथ ही घर-घर में चन्द्रमा की चांदनी में खीर रखी गई। माना जाता है कि शरद पूर्णिमा पर चंद्र किरणों में विशेष औषधीय गुण होते हैं। कहा जाता है कि चन्द्रमा से अमृत बरसता है। इसी मान्यता के अनुसार प्रसाद रूपी खीर को चंद्रमा की किरणों में अमृत वर्षा के लिए रखा।
सनातन धर्म मंदिर में भगवान चक्रधर एवं गिरिराज धरण का मनमोहक श्वेत रासबिहारी श्रृंगार किया। भगवान के लिए नई पोशाक तैयार करवाई गई। भोलेनाथ को गोपी के रूप में गोपेश्वर महादेव का श्रृंगार किया। भक्तों ने बृज बरसाना भाव के भजन ठाकुर को सुनाए। शाम को संध्या आरती के बाद पांच क्विंटल केसर मेवा युक्त खीर का भोग भगवान चक्रधर एवं गिरिराजधरण को अर्पित कर भक्तों में वितरित किया।