लायंस क्लब दिशा के आतिथ्य में निकली जागरूकता रैली

Oct 05 2025

ग्वालियर। लायंस सेवा सप्ताह सेवांकुर के द्वितीय दिवस पर कैंसर जागरूकता रैली का आयोजन हुआ, जिसमें सभी क्लबों के अध्यक्षों और सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
लायंस क्लब दिशा के आतिथ्य में निकली इस रैली में लायंस सदस्यों ने हाथों में कैंसर मुक्त भारत और जागरूकता ही सुरक्षा जैसे संदेश लिए फ्लैग पॉइंट से रमन केन कैंसर हॉस्पिटल तक मार्च किया।
रैली के समापन पर आयोजित हेल्थ टॉक में प्रमुख वक्ता डॉ. रमन केन ने कहा कि बायोप्सी से कैंसर फैलता है, यह एक भ्रम है, सच नहीं। उन्होंने जोर देकर कहा कि समय पर जांच और जागरूकता ही बचाव का सबसे बड़ा उपाय है। उन्होंने बताया कि महिलाओं में होने वाला स्तन कैंसर दर्द रहित गठानों के बावजूद भी गंभीर हो सकता है, इसलिए हर शंका पर डॉक्टर से सलाह लेना आवश्यक है।
उन्होंने यह भी कहा कि मुख कैंसर मुख्यत: तंबाकू सेवन से होता है, और दो महीने से अधिक पुराने छाले चेतावनी का संकेत हैं जिन्हें नजर अंदाज नहीं करना चाहिए। सभी क्लब अध्यक्षों द्वारा  डॉ. रमन केन का सम्मान स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता लायन मुकेश बिरोनिया अध्यक्ष लायंस क्लब दिशा ने की। मुख्य अतिथि थे सेवा सप्ताह चेयरपर्सन अजय सपरा, विशिष्ट अतिथियों में  सुमन मदान, रजनी अग्रवाल, जुबेर रहमान उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सुनील शर्मा, राजेश वाटवानी, सतीश भल्ला, राज शिवहरे, प्रीति सिंह, ज्योति अग्रवाल, नरेंद्र सिंघल, शशिभूषण सिंघल सहित सभी जेडसी सदस्य मौजूद रहे। मंच संचालन डॉ. रजनीश निखरा ने किया।