श्रीराम कथा श्रवण से प्राणी के अंत:करण का अंधकार मिट जाता है:मंगलेश्वरी देवी

Oct 05 2025

ग्वालियर। जेल रोड स्थित दुर्गा विहार कॉलोनी में नर्मदेश्वर महादेव मंदिर पर चल रही संगीतमय श्रीरामकथा के अंतिम दिवस पर विहवल सेंगर ने बताया कि साध्वी मंगलेश्वरी देवी ने भक्तिरसपूर्ण व्याख्या करते हुए कहा कि श्रीराम ने गीधराज की अंतिमक्रिया कर सुरलोक पहुंचाया तथा हनुमान द्वारा लंका दहन, सीता की खोज, सेतुबंध रामेश्वरम की स्थापना एवं मेघनाथ, कुंभकरण, रावण वध तथा विभीषण के राजतिलक एवं श्रीराम, सीता, हनुमान सहित अयोध्या वापसी तथा श्रीराम का अयोध्या के सिंहासन पर बैठना, नगरवासियों द्वारा श्रीराम जी के राज्याभिषेक में उत्सव मनाना आदि की कथा सुनाई।
साध्वी मंगलेश्वरी देवी ने कहा कि श्रीराम कथा श्रवण से प्राणी के अंत:करण का अंधकार मिट जाता है तथा हृदय ज्योति पुंज से प्रकाशित होता है श्रीराम का चरित्र पुण्यरूपी, पापों को हरने वाला है। जो मनुष्य भक्ति पूर्वक इस मानस गंगा में गोता लगाते हैं, वे संसार रूपी सूर्य की अति प्रचंड किरणों से भी नहीं जलते, तथा कलयुग के समस्त पापों से छूटकर भवसागर को पार करते हैं।