भगवान श्रीराम का राज्याभिषेक हुआ

Oct 04 2025

ग्वालियर। रामलीला समारोह समिति की ओर से फूलबाग मैदान में आयोजित रामलीला में भगवान श्रीराम-लक्ष्मण और माता सीता के लौटने की खुशी में अयोध्या में घर-घर दीप जलाकर उत्सव मनाया गया। तीनों माताएं कौशल्या, कैकई एवं सुमित्रा तथा भरत और अयोध्यावासी श्रीराम का अयोध्या पहुंचने पर स्वागत करते हैं। भगवान श्रीराम का राज्याभिषेक किया गया। इस अवसर पर मैदान पर विशेष विद्युत सज्जा की गई और रंग-बिरंगी आतिशबाजी की गई, दीप मालाओं से प्रांगण को सजाया गया, मिठाई बांटी गई।
राम-लक्ष्मण, माता सीता, हनुमान, सुग्रीव, विभीषण, नल-नील तथा अनेंको वानर अपने दल के साथ पुष्पक विमान से अयोध्या की ओर चल पड़ते हैं। उधर अयोध्या में भरत श्रीराम की प्रतीक्षा करते हैं। भरत ने श्रीराम से यह वचन लिया था कि 14 वर्ष का वनवास पूर्ण करने के पश्चात अगर एक भी दिन देरी की तो आपका यह भरत प्राण त्याग देगा।
 इस अवसर पर संत कृपाल सिंह, एमआइटीएस डीम्ड यूनिवर्सिटी कुलपति डॉ. आरके पंडित, उपकुलपति डॉ. मंजरी पंडित उपस्थित रहे। ग्वालियर की ब्रांड एंबेसडर जुड़वा बहनें अंशिका एवं वंशिका मेहता ने भगवान श्रीराम की स्तुति की।