भगवान राम सत्य सनातन संस्कृति की पहचान हैं-चंदन सिंह यादव

Oct 03 2025

भितरवार। जनता श्रीकृष्ण कला पथक मंडल के तत्वावधान में 97वीं श्रीरामलीला महोत्सव 5 अक्टूबर से प्रारंभ होकर 15 तक मनाया जाएगा। इसके लिए आयोजन समिति द्वारा श्रीरामलीला मंच का विधिवत भूमिपूजन कर ध्वज पताका फहराई गई। प्राचीन परम्परा का निर्वहन करते हुए श्रीकृष्ण जनता कला पथक मंडल द्वारा इस वर्ष भी श्रीराम लीला का आयोजन किया जाएगा।
जिसके लिए शुक्रवार को सुबह नगर के काली माता मंदिर प्रांगण में आयोजन समिति श्रीकृष्ण कला मंडल के अध्यक्ष चंदन सिंह यादव, समिति सदस्य एवं पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष राजेंद्र दिघर्रा, राकेश पाराशर, महेशचंद्र अग्रवाल, कैलाश खटीक, सुनील यादव, जानकी बल्लभ पाठक, लोकेंद्र यादव, बीरबल पवैया, मनोज गोस्वामी, संतोष यादव, लखन सोनी, आशीष जैन ने मंच पूजन और ध्वज स्थापना की। पं आदित्य पाराशर ने विधिविधान से मंत्रोच्चारण कर पूजन कराया।
भूमिपूजन के अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष चंदन सिंह यादव ने बताया कि काली माता मंदिर प्रांगण में 5 अक्टूबर से श्रीराम लीला शुरू होगी। 15 अक्टूबर तक होने चलने बाली रामलीला मंचन में स्थानीय कलाकार और बाहर के कलाकार विभिन्न पात्रों की भूमिका निभाएंगे। इस दौरान अध्यक्ष श्री यादव ने कहा कि भगवान श्रीराम सत्य सनातन संस्कृति की पहचान है। नगर में पिछले 96 वर्षो से आयोजित हो रही रामलीला का उद्देश्य भगवान श्री राम की लीलाओं का मंचन करके सनातन संस्कृति के साथ ही भगवान श्री राम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की शिक्षा देना है। उन्होंने कहा कि रामलीला का मंचन देखने से हमें हमारी संस्कृति का पता चलता है। साथ ही बच्चों में भगवान श्री राम के आदर्शों और गुणों का समावेश निश्चित रूप से होता है।