जयकारे लगाते हुए मां काली को लेकर पहुंचे पार्वती नदी, विधि विधान से पूजन कर किया विसर्जन

Oct 02 2025

भितरवार। शारदीय नवरात्र महोत्सव के दौरान नगर के वार्ड 7 काली माता मंदिर प्रांगण में खटीक समाज द्वारा मां काली की प्रतिमा की स्थापना की गई थी। इस दौरान 9 दिनों तक नगर के श्रद्धालु मां काली की आराधना में लीन रहे। गुरुवार को मां काली की प्रतिमा का पार्वती नदी दियादाह घाट पर विसर्जन किया गया। मां काली के विसर्जन को देखने के लिए नगर और अंचल की जनता उमड़ पड़ी। इस मौके पर खटीक समाज के लोग जयकारे लगाते हुए माता की झांकी के आगे चल रहे थे।
आयोजन समिति के कई सदस्य सडक़ पर पानी का छिडक़ाव एवं झाड़ू लगाते हुए चल रहे थे। इस दौरान आयोजन समिति के सदस्य आयोजन स्थल काली माता प्रांगण से लगभग 2 किलोमीटर की दूरी माता को अपने कंधों पर रखकर हजारों लोगों की भीड़ को चीरते हुए पार्वती नदी दियादाह घाट विसर्जन स्थल पहुंचे।
जहां नदी घाट पर विसर्जन से पूर्व काली की विशेष पूजा अर्चना कर आरती उतारी गई। इस दौरान नदी के दोनों किनारों पर काफी संख्या में श्रद्धालु काली के दर्शन के लिए उमड़ पड़े। इस अवसर पर काली मां की चल समारोह की सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस बल तैनात रहा। वहीं इसी प्रकार नगर में विभिन्न जगहों पर सजे पांडालों में विराजमान माता रानी की झांकी निकाली गई। बैंड बाजों और डीजे संगीत पर मां के जयकारे और भजनों के साथ भक्तगण माता रानी को पार्वती नदी पर लेकर पहुंचे। जहां उनका विधि विधान से पूजन कर विसर्जन किया गया।