स्वच्छता कर्मियों के सम्मान में एमआईटीएस में कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित

Oct 02 2025

ग्वालियर। महात्मा गांधी जयंती 2 अक्टूबर के अवसर पर तथा स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत चल रही संस्थागत पहल को आगे बढ़ाते हुए, एमआईटीएस सम विश्वविद्यालय में एक विशेष कल्याणकारी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। संस्थान के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश मौर्य ने बताया कि यह कार्यक्रम संस्थान में कार्यरत स्वच्छता कर्मियों के सम्मान, प्रोत्साहन एवं सहयोग के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम में एमआईटीएस सम विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. आरके पंडित ने कहा कि स्वच्छता कर्मी न केवल संस्थान को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने में अहम भूमिका निभाते हैं, बल्कि एक स्वस्थ एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण के निर्माण में भी उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्वच्छता कर्मियों को संस्थान की वास्तविक शक्ति एवं रीढ़ बताते हुए उनके प्रति आभार एवं सम्मान व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. मनीष दीक्षित तथा  डॉ. मनीष कुमार सागर ने अपने विचार प्रकट करते हुए कहा कि संस्थान की उन्नति और प्रगति में स्वच्छता कर्मियों का समर्पण और कड़ी मेहनत सराहनीय है तथा विश्वविद्यालय सदैव उनके कल्याण और प्रोत्साहन के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता कर्मियों को उपहार, प्रशंसा-पत्र एवं आवश्यक सहयोग सामग्री भेंट की गई। उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों ने उनका उत्साहवर्धन किया और उनके कार्य को संस्थान की सफलता का आधार बताया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनीष दीक्षित द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. मनीष कुमार सागर ने व्यक्त किया।