नशीले पदार्थ युवाओं के स्वास्थ्य को खोखला कर रहे हैं-भूमिका सक्सेना

Oct 02 2025

ग्वालियर। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांग जन सशक्तिकरण विभाग द्वारा दो अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर मध्य निषेध सप्ताह का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय विभाग श्रीमती भूमिका सक्सेना, सहायक संचालक शशांक विरेही समग्र सुरक्षा अधिकारी पूर्वी अग्रवाल, रमन शिक्षा समिति के अध्यक्ष हरिओम गौतम उपस्थित थे।
कार्यक्रम में श्रीमती भूमिका अग्रवाल ने कहा कि 2 अक्टूबर को पूरे देश में मद्यनिषेध दिवस मनाया जाता है। यह दिन हमें नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प दिलाता है। आज के समय में सबसे बड़ी चिंता यह है कि नशे की लत युवाओं को तेजी से अपनी गिरफ्त में ले रही है। शराब, तंबाकू, सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थ युवाओं के स्वास्थ्य को खोखला कर रहे हैं।
कार्यक्रम में रमन शिक्षा समिति के अध्यक्ष हरिओम गौतम ने कहा कि नशा समाज के लिए अभिशाप है नशा समाज को दूषित कर रहा है। इस अवसर सहायक संचालक शशांक विरेही ने कहा कि युवाओं को नशे के दलदल में जाने से रोकना हम सभी का दायित्व है।
श्रीमती भूमिका सक्सेना ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति का संकल्प दिलाया। इसके पश्चात उन्होंने नशामुक्ति जागरूकता रथों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर दीपक श्रीवास्तव, रामदास माहौर, राजकुमार आर्य, हिमांशु माहौर, आकाश खरे एवं सुमित सैनी उपस्थित थे।