हर दुकान पर स्वदेशी हर घर में स्वदेशी होना चाहिए: सांसद कुशवाह

Oct 02 2025

ग्वालियर। भारतीय जनता पार्टी के हेमू कालानी मंडल द्वारा आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण को जन-जन तक पहुंचाना था। इस कार्यशाला में सांसद भारत सिंह कुशवाह मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि हमें हर घर को स्वदेशी का प्रतीक बनाना है और हर दुकान को स्वदेशी से सजाना है। जितनी शुद्वता स्वदेशी में है, विदेशी में नहीं है। यह आह्वान केवल आत्मनिर्भर भारत का मंत्र ही नहीं है, बल्कि यह हमारे सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक भी है। स्वदेशी को अपनाकर हम न केवल अपने देश के किसानों, कारीगरों, छोटे उद्योगों और उद्यमियों को सशक्त बनाते हैं, बल्कि भारत की अर्थव्यवस्था को भी नई ऊंचाइयों पर ले जाते हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाएं, परिवार की नींव होने के साथ-साथ, आत्मनिर्भर भारत का भी महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, क्योंकि उनका सशक्तिकरण परिवार और राष्ट्र दोनों की प्रगति को गति देता है। महिलाएं आत्मनिर्भर भारत का रास्ता परिवार से ही निकालें। परिवार से शुरूआत करके, जब महिलाएं शिक्षा, कौशल और आर्थिक स्वतंत्रता पाती हैं, तो वे अपने घर को मजबूत बनाती हैं और समाज व राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देती हैं। इस अभियान को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सभी कार्यकर्ताओंकी है।  
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष एवं आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के जिला प्रभारी रामेश्वर भदौरिया ने हर घर स्वदेशी, घर घर स्वदेशी का नारा दिया और सभी कार्यकर्ताओं से विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार कर स्वदेशी अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने विशेष रूप से आगामी त्योहारों में स्वदेशी झालर और दीये जलाने पर जोर दिया।
कार्यशाला में स्वागत भाषण सतपाल जादौन ने दिया। संचालन निशिकांत मोघे ने एवं आभार कुलदीप निधार ने व्यक्त किया। इस अवसर पर मंच पर राकेश माहौर, राजू पलैया, धर्मेंद्र सिंह कुशवाह,  महेंद्र श्रीवास्तव, जिला मीडिया प्रभारी श्री नवीन चौधरी, संतोष गोडयाले, संजीव पोतनीस, अंकित राजपूत, रामहेत ईमले, श्रीमती रमा जादौन, श्रीमती रुपल शर्मा आदि मौजूद रहे।