दुनिया की समस्याओं का समाधान निकालने पत्रकारों को आगे आना होगा-राजेश धरमानी

Oct 02 2025

ग्वालियर/ आबू रोड़। प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्व विद्यालय की सहयोगी संस्था राजयोग एजुकेशन एण्ड रिसर्च फाउंडेशन के मीडिया विंग के द्वारा राष्ट्रीय मीडिया सम्मेलन का आयोजन संस्था के अंतर्राष्ट्रीय मुख्यालय शांतिवन में सम्पन्न हुआ।
मीडिया सम्मेलन के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि हिमाचल प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धरमानी, कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्रह्माकुमारीज के सेकेट्री जनरल बीके डॉ. मृत्युंजय भाई, विशिष्ट अतिथि देवेंद्र सिंह मलिक, डॉ सन्तोष नायर, मुरारी गुप्ता, बीके सरला दीदी, नारायण बरेठ, ग्वालियर से मीडिया विंग के कोऑर्डिनेटर बीके प्रहलाद भाई, बीके डॉ बिन्नी सरीन, बीके अमरचंद भाई, बीके शांतनु भाई, बीके चंदा बहन उपस्थित थीं।
कार्यक्रम के शुभारंभ में ग्वालियर से मीडिया विंग के कोऑर्डिनेटर बीके प्रहलाद भाई ने सभी मेहमानों का अपने उद्बोधन से स्वागत अभिनंदन करते हुए कहा कि आज का बहुत ही सुन्दर विषय है अंतरात्मा की आवाज एक बेहतर दुनिया के लिए मीडिया। उन्होंने कहा कि मीडिया को समाज का दर्पण कहा जाता है। लेकिन जब यह दर्पण सत्य, मूल्य और आध्यात्मिकता को प्रतिबिंबित करता है, तभी यह मानवता को सही दिशा देता है। आज का यह सत्र उसी संकल्प को साकार करने का माध्यम है। मेरा विश्वास है कि यहाँ से निकलने वाली अंतरात्मा की आवाज़ मीडिया के माध्यम से समाज में सत्य, शांति और सद्भावना का संदेश फैलाएगी। सत्यता और मूल्य ही जीवन की पहचान हैं, इन्हीं से बनेगा भारत और संसार महान है।

महासम्मेलन के विदाई सत्र को हिमाचल प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धरमानी ने संबोधित किया और पत्रकारों का आह्वान करते हुए कहा कि आज दुनिया के सामने बहुत सारी चुनौतियां हैं, उसका समाधान निकालने के लिए पत्रकारों की जरूरत है। उन्हें आगे आना होगा। मीडिया सूचना प्राप्त करने का एक जरिया है। जो आप बताते हैं, लोग उसे सच मानते हैं। प्रिंट से लेकर आज इलेक्ट्रॉनिक मीडिया डिजिटल मीडिया भी उपलब्ध है। आज जहां सूचना प्राप्त करना आसान हुई है, लेकिन सही सूचना पाना ज्यादा मुश्किल हो गया है। ब्रह्माकुमारीज़ अच्छे सामाजिक कार्य कर रहा है। साधारण व्यक्ति में बदलाव लाने से बड़ा योगदान क्या हो सकता है। लेकिन इसके लिए मुख्य धारा मीडिया में प्राइम टाइम कोई बड़ा कार्यक्रम नहीं दिखाया गया। देश की कई संस्थाएं ऐसे ही अच्छे कार्य कर रही हैं, लेकिन वे प्राइम टाइम से गायब हैं। 
ब्रह्माकुमारीज़ के सेकेट्री जनरल मृत्युंजय भाई ने कहा कि मीडिया विंग को बधाई देता हूँ। जो राष्ट्रीय लेवल पर यह महासम्मेलन आयोजित किया। आज दुनिया में देखकर लगता है कि आज आपस में एकता, शांति और विश्वास खो गया है। अभी प्रकृति भी मनुष्य की परीक्षा ले रही है। ऐसे में नई दुनिया बनाने वाले, विश्व मे सुख शांति स्थापित करने वाले परमपिता परमात्मा इस धरा पर अवतरित होकर नई शिक्षा दे रहे हैं। नई शिक्षा का आंदोलन चल रहा है। इस शिक्षा का सरल, सहज स्वाभाविक ज्ञान बताता है कि मैं कौन हूँ? कहाँ से आया हूँ? ये याद दिला रहे हैं। 
नई दिल्ली से आये पूर्व डायरेक्टर जनरल प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो भारत सरकार देवेंद्र सिंह मलिक ने कहा कि एक बेहतर दुनिया के लिए मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है। हम ऐसी दुनिया में रह रहे हैं, जहां विश्वास की बहुत कमी दिखाई देती है। केवल मीडिया में ही नहीं व्यक्तिगत संबंधों में भी यही स्थिति है। लेकिन ब्रह्माकुमारीज़ इस विषय पर काम कर रही है। जब तक आध्यात्मिक ज्ञान नहीं होगा, हम आगे नहीं आ पाएंगे। मैंने दो दिनों में मेडिटेशन की शक्ति को यहां महसूस किया।
डॉ सन्तोष नायर, निम्स जयपुर के एक्सक्यूटिव प्रेसिडेंट ने कहा कि मीडिया सबसे शक्तिशाली लेकिन खतरनाक साधन है। मीडिया किसी को बना भी सकता है तो बिगाड़ भी सकता है। मीडिया को लक्ष्य लेकर चलना होगा। यदि आपको जीवन का उद्देश्य पता हो तो तो ध्यान लक्ष्य केंद्रित हो जाता है।
जयपुर दूरदर्शन के डिप्टी डायरेक्टर मुरारी गुप्ता ने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति में जो सकारात्मकता और मूल्य हैं, वही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। हमें बहुत ज्यादा निराश होने की जरूरत नहीं है। 
मीडिया विंग की उपाध्यक्ष बीके सरला दीदी ने पांच बिंदु वाले एक्शन प्लान सबके सामने रखते हुए कहा कि दुनिया की हालत बहुत बिगड़ चुकी है। इसलिए आप सबको यहां बुलाकर इसको बदलने के लिए मिलकर हमने एक्शन प्लान बनाया है। पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम जब यहां आए तो दादी प्रकाशमणि जी से पूछा कि भारत ने कभी किसी को दुख नहीं दिया, क्यों? दादी जी ने कहा कि सौभाग्यशाली हैं जो भारत में जन्म लिया है। हम विश्व गुरु बनने जा रहे हैं। भगवान आप जैसी विभूतियों को बुलाकर नई दुनिया की स्थापना कर रहे हैं। दादी ने कहा भारत माता कहते हैं और मां किसी को दुख नहीं देती। 
बीबीसी के पूर्व पत्रकार और पूर्व सूचना आयुक्त राजस्थान नारायण बरेठ ने कहा कि दुनिया की सारी इंसाफ की अदालत के ऊपर भी एक अदालत है, आपकी अंतरात्मा की आवाज़। 
देवेंद्र मलिक व मधुकर द्विवेदी ने राष्ट्रीय पत्रकारिता महासम्मेलन में तय एक्शन प्लान का समर्थन किया।
बीके अमरचंद भाई ने आभार प्रकट करते हुए कहा कि आप यहां आए हैं तो ज्ञान को जरूर समझें। आत्मा-परमात्मा के ज्ञान के बिना न आत्मा पवित्र होती ना साफ होती है। जब तक परमात्मा की याद नहीं होगी तो मन साफ नहीं होगा। 
बीके डॉ बिन्नी सरीन दीदी ने राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराया।
मंच का कुशल संचालन मीडिया विंग की मुख्यालय संयोजक बीके चंदा बहन ने किया। मीडिया विंग के राष्ट्रीय संयोजक बीके शांतनु ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह व परमात्म सौगात भेंट की।