व्यापारी से लूट के प्रयास में दो पकड़े ,हथियार बरामद

Sep 30 2025

ग्वालियर। इंदरगंज थाना पुलिस ने एक व्यापारी से लूट के प्रयास का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी अमन उर्फ रीतिक उर्फ पप्पू गुर्जर और उसके साथी धर्मेंद्र कुशवाह को पकड़ा है। आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया कट्टा, कपड़े और चप्पल भी बरामद कर ली हैं।
पुलिस को आरोपी अमन गुर्जर की पहचान सीसीटीवी फुटेज और उसके भागने के रूट के आधार पर हुई थी।
पकड़े गए संदेही धर्मेंद्र कुशवाह की निशानदेही पर पुलिस को अहम सुराग मिले था। धर्मेंद्र ने पूछताछ में पुलिस को बताया था कि अमन गुर्जर घटना से कुछ दिन पहले से ही उसके घर पर रुका हुआ था। धर्मेंद्र ने पुलिस को यह भी बताया था कि अमन मूल रूप से डबरा का रहने वाला है और इससे पहले वह नाका चंद्रबनी तथा अहमदाबाद में भी रह चुका है।
घटना के बाद अमन उसके घर आया और फिर अहमदाबाद चला गया था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस की एक टीम अहमदाबाद रवाना हुई और अमन को वहां से पकड़ कर ग्वालियर ले आई। पूछताछ में अमन ने व्यापारी से लूट के प्रयास की घटना को स्वीकार कर लिया है।
आरोपी अमन ने पुलिस को बताया कि वह कुछ साल पहले दाल बाजार में पल्लेदारी का काम करता था। उसे पता था कि व्यापारी धर्मेन्द्र गुप्ता रात में सबसे आखिर में दुकान बंद करते है और आसपास का क्षेत्र तब तक सुनसान हो जाता है। पुलिस अब आरोपियों से हथियार के स्रोत के संबंध में पूछताछ कर रही है और उनका आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।