गांधी शिल्प बाजार में गरबा एवं डांडिया महोत्सव हुआ

Sep 30 2025

ग्वालियर। कावेरी वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा गांधी शिल्प बाजार में गरबा एवं डांडिया महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत माता रानी की आरती से हुई, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने देवी माँ का आशीर्वाद प्राप्त किया। आरती के बाद पूरे पंडाल में गरबा एवं डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियों ने वातावरण को पूरी तरह उत्सवमय कर दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे-धजे युवक-युवतियों और बच्चों ने गरबा और डांडिया की ताल पर पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। दर्शकों ने भी पूरे जोश और उत्साह के साथ नृत्य कर इस सांस्कृतिक उत्सव को अविस्मरणीय बना दिया।
फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल हमारी सांस्कृतिक धरोहर और परंपराओं को संजोकर रखते हैं, बल्कि समाज में भाईचारा, एकता और उत्साह का भी संदेश देते हैं। यह अवसर सिर्फ मनोरंजन का नहीं, बल्कि सामूहिकता और भक्ति भावना को सशक्त करने का भी है।
कावेरी वेलफेयर फाउंडेशन ने बताया कि आने वाले समय में भी इसी प्रकार के धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि समाज को जोडऩे और नई पीढ़ी को हमारी परंपराओं से परिचित कराने का प्रयास निरंतर जारी रहे। 
कार्यक्रम मे कावेरी वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से संरक्षक महेश मुद्गल अध्यक्ष जगदीश उपाध्याय सचिव कंचन राव, गोविंद राणा, हेमलता राव, अभिषेक दंडोतिया, मीनाक्षी शर्मा, पवन तोमर, सुभाष अग्रवाल, भुवन अग्रवाल, शीतल अग्रवाल, मुनमुन शुक्ला, स्वेच्छा सिकरवार, एडवोकेट ममता जादौन आदि सदस्य उपस्थित रहे।