रास्ते से बाइक न हटाने पर झगड़ा साले से हुआ, जीजा को मारी गोली

Sep 29 2025

ग्वालियर। रास्ते से बाइक नहीं हटाने पर दो भाइयों ने एक युवक को गोली मार दी। असल में हमलावरों का विवाद घायल के साले से हुआ था। विवाद के बाद साला घर आ गया। इसके 10 मिनट बाद दोनों भाइयों ने उसके घर पहुंचकर फायरिंग कर दी। गोली चलते ही सभी वहां से भागे लेकिन युवक के जीजा के पैर में गोली लगी है। घटना बंशीपुरा हाथीखाना में सोमवार दोपहर की है। घायल को तत्काल जिला अस्पताल मुरार ले जाया गया है, वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है। पुलिस ने हमलावरों पर मामला दर्ज कर लिया है।
मुरार स्थित बंशीपुरा हाथीखाना निवासी राकेश राठौर एक निजी फर्म में काम करते हैं। सोमवार को उनके घर उनके बहनोई नारायणपुर निवासी रामलखन राठौर आए थे। राकेश घर के पास ही एक रिश्तेदार के यहां किसी व्यक्ति के निधन पर गए थे। 
राकेश की बाइक रास्ते पर खड़ी थी। तभी हाथीखाना निवासी अभिषेक बघेल अपनी बाइक लेकर निकला। उसने राकेश पर चिल्लाते हुए बाइक हटाने के लिए कहा तो उसने बाइक हटाने से मना कर दिया। जिस पर अभिषेक ने विवाद किया। 
राकेश अभी रिश्तेदार के घर से अपने घर पहुंचा था कि तभी पीछे से अभिषेक बघेल अपने भाई सूरज व अन्य साथियों के साथ उसके घर आ धमका। पहले दोनों भाइयों ने गालियां दीं फिर झगड़ा करने लगे।
विवाद बढ़ गया तो अभिषेक ने कट्टे से फायर कर दिया। गोली चलते ही वहां मौजूद लोग भागे तो एक गोली राकेश के जीजा रामलखन की जांघ में आकर लगी है। इसके बाद हमलावर हथियार लहराते हुए भाग गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना मुरार थाना पुलिस को दी। साथ ही घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। घायल को जांघ में गोली लगी थी जिस कारण वह खतरे से बाहर है।
पुलिस ने घायल रामलखन की शिकायत पर आरोपी सूरज बघेल, उसके भाई अभिषेक बघेल पर मामला दर्ज कर लिया है।
घायल रामलखन ने बताया है कि वह तो अपने ससुराल एक कार्यक्रम में शामिल होने आया था। जब वह घर के बाहर बैठा था तभी दो से तीन युवक आए और गालियां देने लगे। विरोध किया तो मारपीट पर उतर आए। इस पर युवकों ने कट्टा निकालकर फायरिंग कर दी। जिस पर में बचने के लिए भागा, लेकिन मेरे जांघ पर गोली लग गई।
इस मामले में सीएसपी रोबिन जैन का कहना है कि बंशीपुरा में बाइक हटाने को लेकर बहस के बाद एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर पहुंचकर मारपीट व फायरिंग की है। फायरिंग में रामलखन राठौर घायल हुए हैं। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।