स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध में उपभोक्ताओं ने बिजली ऑफिस का घेराव किया

Sep 28 2025

ग्वालियर। एक दिन पहले खजांची बाबा क्षेत्र में बिजली विभाग के कर्मचारियों द्वारा जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में क्षेत्रवासियों ने इक_ा होकर कर्मचारियों को काम बंद करने पर मजबूर किया था। तब इसी क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने बड़ी संख्या में सिकंदर कंपू बिजली ऑफिस का घेराव किया।
 मध्य प्रदेश बिजली उपभोक्ता एसोसिएशन द्वारा चलाए जा रहे स्मार्ट मीटर और बिजली के निजीकरण के खिलाफ आंदोलन के क्रम में खजांची बाबा से बड़ी संख्या में बिजली उपभोक्ताओं ने एक वाहन रैली निकाली और यह रैली सिकंदर कंपू बिजली ऑफिस पहुंची, यहां ऑफिस का घेराव कर जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जाने के खिलाफ अपना विरोध प्रदर्शित किया व ज्ञापन सौंपा। जिसमे माँग की गई कि लगाए गए स्मार्ट मीटरों को निकाल कर फिर से डिजिटल मीटर लगाए जाएं। 
इस अवसर पर मध्यप्रदेश बिजली उपभोक्ता एसोसिएशन के ग्वालियर जिला सचिव रूपेश जैन ने कहा बिजली कंपनी द्वारा उपभोक्ताओं के घरों पर बिना उनकी सहमति के स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। ज्ञातव्य है कि जिन घरों में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं। उनके बिजली के बिलों में बेतहाशा वृद्धि हुई है। बिजली उपभोक्ता इस मीटरिंग प्रणाली से बेहद परेशान है। भारी आर्थिक बोझ बढऩे से सभी उपभोक्ता मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्र के महिला पुरुष आदि शामिल हुए इस अवसर पर लाल पाल धीरेंद्र सेहवारे आदि मौजूद थे।