प्रॉपर्टी को लेकर बड़े भाई ने छोटे भाई पर पिस्टल द्वारा फायर, आरोपी पकड़ा

Sep 27 2025

ग्वालियर। प्रॉपर्टी के विवाद पर बड़े भाई ने छोटे भाई व उसके दोस्तों पर जानलेवा हमला किया है। बड़े भाई ने पहले खाना खा रहे छोटे भाई में लात मारी इसके बाद मारपीट की। छोटे भाई ने विरोध किया तो पिस्टल निकालकर सीने पर लगा दी। जैसे ही उसने ट्रिगर दबाया तो छोटा भाई पिस्टल के सामने से हट गया। गोली दीवार में जाकर लगी है।
हमलावर ने दौड़ते हुए एक गोली और चलाई है। घायल पक्ष ने भागकर अपनी जान बचाई है। घटना गिरवाई में गत देर रात 12 बजे की है। पुलिस ने मारपीट व फायरिंग का मामला दर्ज कर हमलावर को पकड़ कर पिस्टल भी बरामद का ली है।
नाका चन्द्रवदनी दुर्गेशपुरी निवासी शिवप्रकाश बाबूलाल कुशवाह प्रॉपर्टी की खरीद फरोख्त का काम करते हैं। उनके बड़े भाई प्रकाश कुशवाह भी साथ में रुपए लगाते हैं। प्रकाश कुशवाह एयरफोर्स की एमआईएस से रिटायर्ड हैं। गिरवाई में एक प्रॉपर्टी पर बनी कुठरिया (झोंपड़ी) को लेकर दोनों में विवाद चल रहा था।
गत देर रात को शिवप्रकाश सिंह कुशवाह अपने साथियों तुलसीराम कुशवाह, पहाड़ सिंह व बालाराम कुशवाह के साथ बिरथरियों का पुरा की साइट पर बने कुठरिया में पार्टी कर रहे थे। देर रात जब वह खाना खा रहे थे तभी बड़ा भाई प्रकाश कुशवाह वहां पहुंच गया। उसके हाथ में पिस्टल थी और आते ही उसने गाली गलौज शुरू कर दी।
घायल तुलसीराम कुशवाह ने बताया कि आरोपी प्रकाश कुशवाह ने आने के बाद सबसे पहले भगोनी में लात मारकर सब्जी फैला दी। जब हमने विरोध किया तो सबसे पहले तुलसीराम कुशवाह से मारपीट की है। इसके बाद प्रकाश ने अपने छोटे भाई शिवप्रकाश कुशवाह पर पिस्टल तान दी।
घायल शिवप्रकाश सिंह कुशवाह ने बताया कि वह अपने भाई प्रकाश कुशवाह के साथ प्रॉपर्टी का काम करता था। कुछ दिन पहले उसने 1100 रुपए स्क्वायर फीट के रेट में चार प्लॉट खरीदे थे, जिसमें दोस्त को पार्टनर बनाया, बड़े भाई को नहीं। इसी बात को लेकर वह नाराज था। उसने आने के बाद शिवप्रकाश व तुलसीराम को निशाना बनाकर दो गोलियां चलाई थीं, लेकिन समय रहते दोनों वहां से हट गए। जिस कारण उनकी जान बच गई।
गिरवाई थाना प्रभारी सुरेन्द्र नाथ सिंह का कहना है कि गत रात को प्रॉपर्टी के विवाद पर बड़े भाई ने छोटे भाई पर हमला कर दिया था। फायरिंग भी हुई है। आरोपी पर मामला दर्ज कर पकड़ लिया है।