बीजेपी तो हमेशा से ही अमर्यादित बातें महिलाओं को लेकर करती है:महापौर डॉ. सिकरवार

Sep 27 2025

ग्वालियर। मध्यप्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा राहुल गांधी और प्रियंका गांधी बढेरा के खिलाफ दिए गए विवादित बयान को लेकर कांग्रेस की महिला पदाधिकारियों ने बीजेपी पर हमला बोला है। 
भाजपा को लेकर कांग्रेस की महापौर डॉ. शोभा सिकरवार ने शनिवार को कहा कि बीजेपी तो हमेशा से ही अमर्यादित बातें महिलाओं को लेकर करती है। बीजेपी के मंत्रियों के इस तरह के बयान से उनकी मानसिकता जाहिर होती है कि वह किस तरह सोचते हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा बीजेपी के मंत्रियों के विवादित बयानों को लेकर प्रदेश भर में महिला पदाधिकारियों को आगे कर दिया है।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए महापौर डॉ. शोभा सिकरवार ने कहा कि देश का हर भाई-बहन अपनी मर्यादा जानता है और यह रिश्ता व्यक्तिगत होता है। इसलिए भाई-बहन के पवित्र रिश्ते पर किसी को गंदा आक्षेप लगाने का कोई हक नहीं है फिर वह चाहे किसी सरकार का मंत्री ही क्यों न हो। 
महापौर डॉ. सिकरवार ने कहा कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय तो हमेशा महिलाओं व युवतियों को लेकर गलत टिप्पणी करते हैं। वह पहले भी लड़कियों के कपड़े पहनने को लेकर विवादित बयान दे चुके हैं कि कम कपड़े पहनने वाली लड़कियां उनको पसंद नहीं हैं। जिस तरह से राहुल गांधी व प्रियंका गांधी को लेकर बयान दिया वह बेहद निंदनीय है और कांग्रेस पार्टी इसका पुरजोर विरोध करती है। उन्होंने मांग की कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को सार्वनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।