रंजिश के चलते युवक की गोली मारकर हत्या, एक आरोपी पकड़ा

Sep 25 2025

ग्वालियर। पुरानी रंजिश के चलते गत देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना रात करीब 1 बजे लड़ेडी स्थित माता मंदिर के पास हुई। मृतक की पहचान 24 वर्षीय मोनू बाथम पुत्र छोटू बाथम के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर एक आरोपी को पकड़ लिया है। वहीं एसएसपी धरमवीर सिंह यादव ने तीन फरार आरोपियों पर 10-10 हजार का इनाम घोषित किया है।
आरोपी रोशन बाथम ने अपने तीन साथियों भूरा बाथम, राहुल बाथम और पंकज बाथम के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी हाथ में कट्टा लेकर भागते दिखाई दे रहे हैं। मोनू मंदिर पर जागरण करा रहा था। वह वहीं खड़ा था तभी आरोपी पीछे से आए और पिस्टल से पीठ में गोली मारी, जो सीने से बाहर आ गई।
सूचना मिलने पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी भूरा बाथम को घटना के कुछ ही देर बाद ही पकड़ लिया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक के चाचा सोनू बाथम और आरोपियों के बीच पहले से विवाद चल रहा था।
मृतक के चाचा सोनू बाथम ने पुलिस पर अनदेखी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पिछले साल हुई घटना में पुलिस और बड़े अधिकारी मेरी सुन लेते तो आज मेरा भतीजा मेरे साथ होता। उन्होंने बताया कि पिछले साल आरोपियों ने रास्ते में मुझे गाड़ी अड़ाकर रोक लिया था। साथ में पत्नी भी थीं।
जब मैंने गाड़ी हटाने को कहा, तो आरोपियों ने पहले पत्नी से गालीगलौज की और फिर मेरे साथ मारपीट। इसकी हमने एफआईआर कराई थी। 20 नवंबर 2024 को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत भी की थी। पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
इसी रंजिश के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस मुख्य आरोपी रोशन बाथम सहित राहुल और पंकज की तलाश में जुटी है। तीनों आरोपी अपने घर से फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
एसएसपी धरमवीर सिंह यादव ने पांच टीमों का गठन किया है, जो आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।