पीएमश्री केवी 1 में आत्मशुद्धि का प्रेरणात्मक आयोजन

Sep 25 2025

ग्वालियर। पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय1 ग्वालियर में गुरूवार को एक विशेष आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को आत्ममंथन, आत्मशुद्धि और नैतिक मूल्यों की ओर प्रेरित करना था। यह कार्यक्रम न केवल सांस्कृतिक महत्व से परिपूर्ण रहा, अपितु विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण की दिशा में एक सार्थक प्रयास के रूप में भी सामने आया।
डॉ. भारती यादव ने कार्यक्रम में दशहरे के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि,दशहरा केवल रावण के पुतले का दहन नहीं है, बल्कि यह अवसर है अपने अंतर्मन में बसे नकारात्मक विचारों, दुर्भावनाओं एवं बुराइयों के दहन का।
उन्होंने विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि जैसे भगवान श्रीराम ने रावण रूपी अंहकार और अधर्म का अंत किया, वैसे ही हमें अपने भीतर व्याप्त बुराइयों जैसे ईर्ष्या, निराशा, असुरक्षा की भावना, झूठ बोलने की आदत का त्याग कर आत्मिक उन्नति और मानसिक शांति की ओर बढऩा चाहिए।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने भीतर की किसी एक बुराई को एक कागज़ पर लिखकर उसे प्रतीकात्मक रूप से अग्नि को समर्पित किया। यह प्रक्रिया आत्मविमर्श का सुंदर माध्यम बनी, जिसमें विद्यार्थियों ने न केवल अपनी गलतियों को स्वीकारा, बल्कि उन्हें सुधारने का संकल्प भी लिया। इस प्रेरणात्मक आयोजन में विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।