विधि प्रकोष्ठ की साप्ताहिक कार्यशाला सम्पन्न

Sep 24 2025

ग्वालियर। भाजपा विधि प्रकोष्ठ की साप्ताहिक कार्यशालाओं की श्रृंखला में मंगलवार को एक और उपयोगी सत्र आयोजित हुआ। इस कार्यशाला की अध्यक्षता जिला संयोजक धर्मेंद्र नायक ने की। कार्यशाला के मुख्य अतिथि अधिवक्ता फैसल अली शाह रहे।
मुख्य वक्ता अधिवक्ता आलोक कटारे ने सेवा न्यायशास्त्र विषय पर व्याख्यान में बताया कि सेवा न्यायशास्त्र शासकीय सेवाओं से जुड़े विवादों के समाधान की एक सुदृढ़ विधिक व्यवस्था है। उन्होंने अनेक महत्त्वपूर्ण न्यायिक निर्णयों और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से अधिवक्ताओं को गहन मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यशाला में दिलीप अवस्थी, योगेश सिंघल, शिवेंद्र सिंह, अजय भार्गव, मयंक बाजपेई सहित कई अधिवक्ताओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की और विषय पर अपने प्रश्न भी रखे।
कार्यक्रम के समापन पर नितिन अग्रवाल ने सभी अतिथियों एवं अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि आगामी कार्यशाला में दंड न्यायशास्त्र विषय पर अधिवक्ता फैसल अली शाह मार्गदर्शन करेंगे।