गांवों में चोरों का आतंक, सिंचाई की मोटरों को बना रहे निशाना

Sep 23 2025

भितरवार। पिछले कुछ दिनों से अज्ञात चोरों ने गांवों में आतंक मचा रखा है। वे किसानों द्वारा फसल की सिंचाई के लिए रखी मोटरों को निशाना बना रहे हैं। ग्राम जतरथी और खडीचा के बाद चोरों ने बीती रात करियावटी गांव में कुछ किसानों के खेतों पर धावा बोल दिया।
जहां से उन्होंने सिंचाई की मोटरों से केबिल काट ली और स्टार्टर निकाल लिए जिसे वे बाइक से ले जाने लगे जिसकी आहट सुन जागे कुछ किसानों ने चोरों को पकडऩे के लिए पीछा किया। ऐसी स्थिति देख चोर बाइक छोड़ भाग खड़े हुए। किसान चोरी में प्रयुक्त बाइक और चोरी की गई केबिल लेकर पुलिस थाने पहुंचे। जहां उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई। जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की खोजबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार भितरवार थाना क्षेत्र के ग्राम करियावटी में गत रात अज्ञात चोर कुछ किसानों के खेतों पर जा पहुंचे। जहां उन्होंने फसल की सिंचाई के लिए रखीं मोटरों की केबिल काट ली और स्टार्टर निकाल लिए। एक के बाद एक मोटरों की केबिल काटते हुए उनके द्वारा स्टार्टर निकाले जा रहे थे। इसी दौरान हुई टॉर्च की रोशनी से आसपास खेतों पर सो रहे किसान जाग गए। और उन्होंने जोर से आवाज लगाई। जिस पर चोर केबिल और स्टार्टर लेकर बाइक से भागने लगे। किसानों का पीछा करने पर चोर बाइक चप्पल और चोरी की गई केबिल छोडक़र भाग खड़े हुए।
मंगलवार को सुबह 10 बजे किसान चोरों की बाइक और चोरी की गई केबिल लेकर पुलिस थाने पहुंचे। जहां उन्होंने थाना प्रभारी हितेंद्र सिंह राठौर को घटना से अवगत कराया। पुलिस ने फरियादी सुनमान पुत्र सुखलाल कुशवाह की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि शनिवार की रात को भी खडीचा गांव में भी अज्ञात चोर आधा दर्जन किसानों की केबिल चोरी कर ले गए थे। वहीं इससे पूर्व ग्राम जतरथी में भी चोर केबिल चोरी की वारदात को अंजाम दे चुके हैं।