काली मां को लेकर निकली कलश यात्रा, पांडाल में कराईं विराजमान

Sep 22 2025

भितरवार। पिछले वर्षों की भांति इस वर्ष भी जय महाकाली मां उत्सव समिति द्वारा काली माता मंदिर परिसर में काली मां की झांकी लगाई गई है। शारदेय नवरात्र में उक्त झांकी लगने से पूर्व नगर में काली मां को लेकर धूमधाम से कलश यात्रा निकाली गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने सजाए गए विशाल पांडाल में विधि विधान से मां काली को विराजमान किया।
सोमवार को शारदेय नवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ हुआ। पहले ही दिन से नगर के लोग शक्ति की भक्ति में लीन हो गए] नगर एवं गांव मां के जयकारों से गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने सजे पांडालों में माता रानी विराजमान की। वहीं नगर में खटीक समाज के लोग काली मां की प्रतिमा झांसी से लाए। जिन्होंने प्रतिमा का घट स्थापना के लिए श्री गोलेश्वर महादेव से विशाल कलश यात्रा निकाली। जिसमें शामिल महिलाएं सिर पर कलश रखकर मंगल गीत गा रही थी।
काली मां के जयकारे लगाते भक्तजन नाचते-झूमते चल रहे थे। हर तरफ जय काली जय काली के नारे गूंज रहे थे। कलश यात्रा काली माता मंदिर प्रांगण पहुंची। जहां सजाए गए विशाल पांडाल में विधि विधान से पूजन कर काली मां विराजमान की गईं।