आउटसोर्स कर्मचारियों को वेतन नहीं, कर्मचारियों ने दी हड़ताल की चेतावनी

Sep 21 2025

ग्वालियर। जिला अस्पताल मुरार में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों ने वेतन में भेदभाव और अधिकारों के हनन का आरोप लगाया है। कर्मचारियों का कहना है कि श्रम विभाग द्वारा निर्धारित दर के अनुसार वेतन नहीं दिया जा रहा। ईपीएफ भी समय पर जमा नहीं किया गया।
विजन टेक प्राइवेट लिमिटेड राज सिक्योरिटी फोर्स आदि कंपनियों के माध्यम से नियुक्त कर्मचारियों को कई माह से वेतन नहीं मिला, कुछ सफाई कर्मचारियों को मात्र 7000 मिले हैं। जब वे अपनी मांग लेकर सिविल सर्जन डा. राजेश कुमार शर्मा से मिले तो उन्होंने कथित रूप से कहा आप हमारे कर्मचारी नहीं हो, नौकरी छोड़ दो।
इस रवैये के खिलाफ मध्यप्रदेश संविदा आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने कड़ा विरोध जताया है और वेतन भुगतान न होने पर हड़ताल की चेतावनी दी है। यह जानकारी संघ के अध्यक्ष कोमल सिंह ने दी। मप्र संविदा एवं ठेका श्रमिक संघ (इंटक) के अध्यक्ष अशोक गोस्वामी और प्रदेश महामंत्री विश्वेश्वर गोस्वामी ने स्वास्थ्य आयुक्त को पत्र लिखकर श्रमिकों को न्यूनतम वेतन का अंतर भुगतान करने की मांग की है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि दीपावली से पूर्व वेतन नहीं दिया गया, तो प्रदेशभर के आउटसोर्स कर्मचारी गांधीवादी तरीके से हड़ताल करेंगे।