कैंसर में अब नई तकनीकों का उपयोग राहत दिलाएगा

Sep 20 2025

ग्वालियर। कैंसर के बढ़ते मामलों और इसके उपचार में आ रही नई तकनीकों को ध्यान में रखते हुए विशेषज्ञों के बीच आपसी विमर्श को आवश्यक माना जा रहा है। इसी उद्देश्य से कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट एवं इंडियन को-ऑपरेटिव ऑन्कोलॉजी नेटवर्क के सहयोग से कैंसर चिकित्सालय में कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है। यह कान्फ्रेंस कैंसर अस्पताल के निदेशक डॉ. बीआर श्रीवास्तव एवं पूर्व विभागाध्यक्ष टाटा मेमोरियल अस्पताल डॉ. पूर्विश पारिख के संरक्षण में आयोजित किया जा रहा है।
कान्फ्रेंस के पहले दिन शोध पत्र व क्लिनिकल अनुभवों की प्रस्तुति से हुई, जिसमें लगभग 30 प्रतिभागियों ने भाग लिया। साथ ही, सर्जिकल वीडियो प्रतियोगिता एवं मॉलेकुलर ऑन्कोलॉजी अनुदान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इनके परिणाम आज 21 सितंबर को घोषित होंगे।
इसके उपरांत शैक्षणिक सत्रों में बच्चों में होने वाले कैंसर, ब्लड कैंसर, वृद्धावस्था में कैंसर और पीढ़ी दर पीढ़ी होने वाले हेरिडिटरी कैंसर पर विशेषज्ञों ने विस्तार से चर्चा की। दिन का मुख्य आकर्षण टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल के डॉ. विकास ओस्तवाल का आईकॉन ओरेशन रहा, जिसमें उन्होंने शोध-आधारित व्याख्यान प्रस्तुत किया। इस अवसर पर देशभर से आए 150 से अधिक डेलीगेट्स और विशेषज्ञों ने सक्रिय भागीदारी की।