एनसीसी ओटीए अकादमी में 61वां स्थापना दिवस मनाया,112 प्रशिक्षणार्थियों को मिली रैंक

Sep 19 2025

ग्वालियर। एनसीसी ऑफिसर ट्रेनिंग अकादमी (ओटीए) ने शुक्रवार को अपना 61वां स्थापना दिवस समारोह हीरक जयंती के रूप में मनाया। इस अवसर पर भारत के अलग-अलग राज्यों से आए कुल 131 प्रशिक्षणार्थियों ने दीक्षांत पासिंग परेड पूरी की। 112 प्रशिक्षणार्थियों को मिली रैंक। मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ ने पासिंग आउट हुए एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर्स (एएनओ) और ट्रेनी कैडेट्स के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
दीक्षांत समारोह में हुई पासिंग परेड के दौरान कैडेट्स में जबरदस्त जोश और उत्साह देखने को मिला। महिला कैडेट्स ने कदमताल मिलाते हुए अपनी ट्रेनिंग का आखिरी चरण सफलतापूर्वक पूरा किया। उन्होंने मीडिया से बातचीत में मैप रीडिंग, राइफल शूटिंग और योगा जैसे प्रशिक्षण अनुभवों को साझा किया। एनसीसी-ओटीए ने अब तक लगभग 40 हजार महिला एसोसिएट ट्रेनी ऑफिसर्स को प्रशिक्षित किया है।
वर्तमान कमांडेंट सहित कुल 28 कमांडेंट इस अकादमी में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ ने एनसीसी-ओटीए की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीकी से लड़ी जा रही लड़ाइयों में सिटीजन सोल्जर यानी देश का हर नागरिक युद्ध जीतने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने एनसीसी में नारी शक्ति और सशक्तिकरण में वृद्धि पर भी जोर दिया।