घायल आरक्षक को पूर्व विधायक नीतू सिकरवार ने पहुंचाया अस्पताल

Sep 19 2025

ग्वालियर। गत रात को एक पुलिस आरक्षक को गोली मारकर लूट लिया गया। बाइक सवार चार अज्ञात बदमाशों ने आरक्षक से मोबाइल और 30 हजार रुपए छीन लिए और फरार हो गए। विरोध करने पर उन्होंने आरक्षक को गोली मार दी। आरक्षक का नाम प्रमोद त्यागी है।
जो इंदौर के राजेन्द्र नगर थाने में पदस्थ है। आरक्षक प्रमोद त्यागी मुरैना जिले के जौरा गांव में अपने बीमार पिता को देखने जा रहे थे। तभी पीछे से बाइक पर सवार होकर आए चार अज्ञात बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।
घटना पनियार थाना क्षेत्र के पास पेट्रोल पंप पर रात करीब 9:30 बजे की है। घटना में आरक्षक के हाथ में छर्रे लगे हैं। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद बदमाश घायल आरक्षक को मौके पर छोडक़र फरार हो गए।
घटना के बाद घायल आरक्षक सडक़ पर लोगों को हाथ देकर मदद मांग रहा था। मुरैना जिले के सुमावली से कांग्रेस के पूर्व विधायक नीतू सिकरवार वहां से एक कार्यक्रम कर लौट रहे थे। सडक़ पर घायल पड़े आरक्षक को मदद मांगते हुए देखकर उन्होंने अपनी गाड़ी को रोका और उसे अपनी गाड़ी में बैठाकर तत्काल सूचना पुलिस को दी और उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
जयारोग्य समूह के अस्पताल में रेफर किया
ट्रॉमा सेंटर में ट्रीटमेंट के बाद आरक्षक प्रमोद त्यागी को जयारोग्य समूह के अस्पताल में रेफर किया गया है। फिलहाल हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। इधर, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। घटना स्थल पेट्रोल पंप और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा खंगाले जा रहे हैं।