केंद्रीय विद्यालय क्र.1 में तीन दिवसीय पुस्तक मेला आज से

Sep 18 2025

ग्वालियर। ज्ञान के प्रसार और पढऩे की संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्रीय विद्यालय क्र.1 ग्वालियर में आज 19 सितम्बर से तीन दिवसीय पुस्तक मेला आयोजित किया जा रहा है। स्कूल के प्राचार्य  राजेश पाण्डेय ने बताया कि यह आयोजन छात्रों, शिक्षकों और स्थानीय समुदाय को साहित्य की विशाल दुनिया से जोडऩे का एक प्रयास है।
यह पुस्तक मेला सुबह 9 से शाम 6 बजे तक खुला रहेगा। इसमें देश के जाने-माने प्रकाशकों की हजारों पुस्तकें उपलब्ध होंगी, जिनमें शैक्षणिक, साहित्यिक, विज्ञान, कला और बाल साहित्य की व्यापक रेंज शामिल है। यह तीन दिवसीय पुस्तक मेला हिंदी पखवाड़ा उत्सव के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।
मेले में नवीनतम उपन्यासों से लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं की उपयोगी सामग्री व सभी आयु वर्ग के पाठकों के लिए कुछ न कुछ विशेष होगा। मेले के दौरान, कई स्थानीय लेखक, कवि, साहित्यकार उपलब्ध होंगे और छात्रों से संवाद करेंगे। यह तीन दिवसीय पुस्तक मेला 21 सितम्बर को समाप्त होगा।